सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ शारदीय नवरात्र
कोडरमा बाजार : जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में छिटपुट घटनाओं को छोड़ पूरे जिले में शांति और सौहार्द्र पूर्ण वातावरण में शारदीय नवरात्र का पर्व संपन्न हुआ. महानवमी और विजयादशमी को कई जगहों पर हल्की फुल्की झड़प की सूचनाएं मिली. मगर पुलिस की तत्परता के कारण मामले को तुरंत संभाल लिया गया. महानवमी व विजयादशमी के मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा पंडालों में देर रात तक लगी रही. चारों ओर लोगों में उत्साह देखा गया. भक्तों ने मां के दरबार में मत्था टेक सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा. बोना काली में बंग भाषी महिलाओं के द्वारा सिंदूर खेला कर अमर सुहाग की कामना की गयी. इसके अलावा भी कई अन्य जगहों पर दशमी के मौके पर महिलाओं द्वारा सिंदूर खेल के दौरान एक दूसरे को सिंदूर लगायी. मां अंबे से घर गृहस्थी में सुख-समृद्धि की कामना की. प्रतिमाओं का विसर्जन आज होने की संभावना है.
कई जगहों पर नहीं दिखे दंडाधिकारी, कार्रवाई की तैयारी : दुर्गापूजा को शांति व सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने को लेकर डीसी व एसपी के संयुक्त आदेश से संवेदनशील, भीड़ भाड़ वाले क्षेत्र समेत अन्य जगहों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी.
खबर है कि पूजा के दौरान कई जगहों पर दंडाधिकारी गायब देखे गये. खास कर झुमरीतिलैया कला मंदिर और कोडरमा थाना क्षेत्र के बगड़ो में दंडाधिकारी गायब नजर आये. इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से दंडाधिकारियों को ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित की शिकायत की गयी है. जानकारी के मुताबिक ड्यूटी से गायब रहने वाले दंडाधिकारियों को चिह्नित कर डीसी स्तर से कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. अपुष्ट खबरों में मुताबिक कला मंदिर और बगड़ो में ड्यूटी से गायब दंडाधिकारियों पर डीसी ने कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण पूछा है.
बारिश पर हावी रही आस्था: अष्टमी व नवमी को रह रहकर हो रही बारिश के बावजूद भी श्रद्धालु भक्त घर से बाहर निकले और मेले का आनंद लिया. बारिश के कारण अनुमान था कि इस बार मेला का मजा किरकिरा हो जायेगा, परंतु सभी उम्मीदों को धता बताते हुए लोग न केवल घर से बाहर निकले, बल्कि जम कर मेले का आनंद भी लिया. पूजा के दौरान सबसे अधिक भीड़ अड्डी बंगला, बेलाटांड़ और महाराणा प्रताप चौक के समीप पूजा पंडालों में देखा गया. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण महाराणा प्रताप चौक स्थित पूजा पंडाल का जगह ही छोटा पड़ गया. हालांकि पूजा कमेटी के सदस्यों की सक्रियता के कारण भक्तों को एकाध जगह छोड़ कहीं भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई.
स्वच्छ पूजा पंडाल में हरि सभा प्रथम: स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छ पूजा पंडाल प्रतियोगिता में नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छ पूजा पंडाल प्रतियोगिता में प्रथम हरि सभा तत्व विधा समिति बोना काली, द्वितीय फॉरेस्ट काॅलोनी दुर्गा समिति और तृतीय स्थान सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति कोडरमा बाजार को मिला.
कार्यपालक पदाधिकारी महेंद्र राम ने बताया की प्रतियोगिता के लिए गठित समिति द्वारा सप्तमी से दशमी तक नगर पंचायत क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों में स्वच्छता का मूल्यांकन करने के बाद उक्त निर्णय लिया गया. श्री राम ने बताया कि तीनों पूजा समितियों को नगर पंचायत द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा.
शिक्षा मंत्री ने दी बधाई : शांतिपूर्ण तरीके से दुर्गापूजा और मुहर्रम संपन्न होने पर राज्य की शिक्षा मंत्री व कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव, पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी, जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने जिला प्रशासन को बधाई दी है.
