डोमचांच (कोडरमा) : गिरिडीह के निमियाघाट व डोमचांच पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जीटी रोड व अन्य मुख्य सड़कों पर सामान से लदे वाहनों को लूटने वाले गिरोह का परदाफाश हुआ है. पुलिस की संयुक्त टीम बीते कई दिनों से जगह-जगह छापामारी कर रही थी, लेकिन डोमचांच थाना क्षेत्र के मसनोडीह में हुई छापामारी के दौरान लाखों रुपये के लूटे गए परचून के सामान समान अन्य सामान बरामद हुए है.
लूट का सामान दीपक कुमार राणा व रूपक कुमार राणा (पिता- स्व अर्जुन कुमार राणा) के बंद घर से बरामद हुआ है. जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में बीती रात सत्यम कुमार मेहता (पिता- बैजनाथ मेहता, निवासी मसनोडीह) को गिरफ्तार किया. उसी की निशानदेही पर कोडरमा एसडीपीओ चंदेश्वर प्रसाद, डोमचांच थाना प्रभारी सुधीर कुमार पोद्दार व निमियाघाट थाना पुलिस ने घर में छापामारी की. इस दौरान घर में ताला बंद मिला. पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर देखा, तो भारी मात्रा में सामान रखा था.
बरामद सामान में परचून के अलावा किताब, दवा, बल्ब, मोटर पंप आदि शामिल हैं. पुलिस की मानें तो ट्रक से सामान लूटनेवाले गिरोह का सरगना मसनोडीह निवासी पप्पू मेहता है, फिलहाल वह फरार है. जबकि बीते नौ मार्च को इस गिरोह के तीन सदस्यों रोहित मेहता निवासी लेंगरापिपर, चूरामण मेहता व अभिमन्यु मेहता निवासी जेरूउाडीह को गिरफ्तार कर डोमचांच पुलिस ने निमियाघाट पुलिस को सौंप दिया था.
गिरोह में करीब एक दर्जन लोग शामिल हैं. पुलिस सरगना पप्पू की तलाश में छापामारी कर रही है. बताया जाता है कि बीते छह मार्च को एक ट्रक से दस लाख का परचून का सामान लूटे जाने के बाद निमियाघाट पुलिस मामले की जांच कर रही थी. इस दौरान यह सफलता मिली. पुलिस ने इस ट्रक से लूटे गये माल के साथ ही अन्य सामान बरामद होने की बात कही है.
ट्रक को अगवा कर चालक को बनाया था बंधक: जानकारी के अनुसार बीते चार मार्च को श्री रोडवेज कंपनी रांची के ट्रक नंबर जेएच-01एएन-7675 से किशोरगंज रांची के पास से परचून का सामान लोड कर चालक दिलीप सिंह (पिता- स्व. अजीत सिंह, निवासी शिवनगर) वैशाली चला था.
सामान लेकर उसे देवघर जाना था. छह मार्च को वह जब पुरदाग भूतनाथ मंदिर निमियाघाट के पास स्थित पुल पर पहुंचा, तो यहां सफेद रंग की स्काॅर्पियो पर सवार लोगों ने उसे ओवरटेक कर उसे बंधक बना लिया. उसके हाथ पैर बांध आंख में पट्टी बांध दी. कुछ दूर ले जाकर उसे ट्रक से उतार स्काॅर्पियो पर बैठा कर सभी बगोदर की ओर ले गये. जब उसे छोड़ा गया, तो उसने खुद को खोरीमहुआ गिरिडीह के मोड़ के पास पाया. चालक ने अपने मैनेजर रविशंकर सिंह को फोन किया, तो इसके बाद राजधनवार थाना पहुंचे, पर वहां से घटनास्थल निमियाघाट होने के कारण यहां भेज दिया गया.
ट्रक राजधनवार थाना क्षेत्र में खड़ा मिला. ट्रक से लूटे गए माल की कीमत दस लाख बतायी गयी थी. अपराधियों ने चालक का मोबाइल भी लूट लिया था. निमियाघाट पुलिस ने जांच शुरू की, तो अपराधियों के डोमचांच थाना क्षेत्र के होने की जानकारी मिली. इसके बाद डोमचांच पुलिस का सहयोग लिया गया.
