होली को लेकर जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक, शिक्षा मंत्री ने कहा
होली को लेकर शनिवार को शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव ने कहा कि कोडरमा शुरू से ही भाइचारगी की मिसाल रही है. इसे बरकरार रखने की जरूरत है. विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने का भी निर्देश दिया है.
कोडरमा बाजार : उपायुक्त सभागार में शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव की अध्यक्षता में होली को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में डॉ नीरा यादव ने कहा कि कोडरमा जिला हमेशा से धर्म निरपेक्षता का पर्याय बना है.
उन्हें विश्वास है की अपनी इसी पहचान को हमारा जिला बरकरार रखेगा. मंत्री ने कहा की दोनों संप्रदाय के लोग जिस तरह आपसी प्रेम से त्योहार मनाते चले आ रहे हैं उसी प्रकार होली का यह त्योहार भी शांति और भाईचारगी से संपन्न हो. इसके लिए हम सभी को अपनी-अपनी जिम्मेवारी ईमानदारी पूर्वक निभाने की जरूरत है.
उन्होंने सिविल सर्जन को कहा कि होली को ध्यान में रखते हुए सदर अस्पताल समेत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट जारी कर यह सुनिश्चित करें कि त्योहार के दिन ड्यूटी पर डॉक्टर तैनात रहें. कहीं से अप्रिय घटना होने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाये जायें. किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो. उन्होंने अपने मद से सभी प्रकार से सुविधायुक्त एक एंबुलेंस देने की घोषणा की. इस पर सदस्यों ने कम से कम दो एंबुलेंस की मांग की. मंत्री ने इसके लिए आश्वासन दिया.
वहीं बैठक में समिति के सदस्यों की कम उपस्थिति देख उन्होंने डीसी को निर्देश दिया की शांति समिति एक महत्वपूर्ण समिति होती है, शीघ्र ही समिति का पुनर्गठन करें और निष्क्रिय सदस्यों को हटाते हुए नए और योग्य सदस्यों को इसमें शामिल करें. डीसी को निर्देश दिया की त्योहार को ध्यान में रखते हुए हर हाल में गरीबों के बीच 15 मार्च तक राशन दुकानों के माध्यम से अनाज वितरण करवाना सुनिश्चित करें.
उन्होंने त्योहार के दिन शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस को कई निर्देश भी दिये.वहीं उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा ने कहा कि बैठक में समिति के सदस्यों के द्वारा लाए गए सुझाव को अमल में लाया जायेगा. विधि व्यवस्था चाक चौबंद रखने, अवैध शराब पर नकेल कसने के लिए आवश्यक कदम उठाये जायेंगे. शराबियों और हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखने के लिए जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों और चौक चौराहों पर जवानों को तैनात किये जायेंगे. इसके पूर्व बैठक में कई सदस्यों ने त्योहार के दिन निर्बाध बिजली पानी की आपूर्ति करने, शहर के चौक चौराहों पर जवानों को तैनात करने, अवैध शराब के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने, अश्लील गानों पर रोक लगाने आदि की मांग की.
मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष कांति देवी, उपाध्यक्ष कुलवीर सलूजा, नगर पर्षद के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष यादव, जिप सदस्य महादेव राम, तुलसी मोदी, मो अली, एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार, एएसपी मनी लाल मंडल, एसी प्रवीण कुमार गागराई, डीएसई पीवी शाही, सिविल सर्जन डॉ मधुबाला राणा, डीटीओ सुबोध कुमार, डीडब्ल्यूओ अजीत निरल सांगा, सभी थानों के थानेदार, बीडीओ, सीओ आदि मौजूद थे.
