झुमरीतिलैयाः जिला प्रशासन के निर्देश पर कोडरमा बीडीओ प्रभाष कुमार दत्ता, तिलैया थाना प्रभारी केपी यादव व यातायात निरीक्षक हरेंद्र तिवारी ने शुक्रवार को शहर को अतिक्रमण मुक्त करने तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने का अभियान चलाया.
इसी अभियान के तहत होटल अशोका के पीछे अवस्थित सब्जी बाजार में जमे सब्जी के थोक व्यापारियों को अड्डी बंगला रोड स्थित बाजार समिति में स्थानांतरित करने तथा खुदरा सब्जी विक्रेताओं को होटल अशोका के पीछे शिफ्ट करने का काम किया. हालांकि ज्यों ही तिलैया पुलिस दल बल के साथ सब्जी मंडी पहुंची व थोक व्यापािरयों को बाजार समिति में शिफ्ट होने को कहा, सभी व्यापारी एकजुट होकर इसका विरोध करने लगे.
तिलैया पुलिस द्वारा घंटों उन्हें समझाने का प्रयास किया गया. व्यवसायियों ने झंडा चौक स्थित सभी फुट कर दुकानों को बंद कर अपना विरोध जताया. मगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए व्यवसायियों की इस योजना को विफल कर दिया. थाना प्रभारी केपी यादव ने सख्ती दिखाते हुए थोक विक्रेताओं को बाजार समिति में स्थानांतरित किया. सब्जी व्यापारियों की मांग है कि जिला प्रशासन पहले फल विक्रेताओं को बाजार समिति में स्थानांतरित करे. साथ ही सुरक्षा की गारंटी दी जाये. इसे लेकर लगभग दो घंटे तक हंगामा मचा रहा. मौके पर राकेश सोनकर, बबलू सोनकर, दिपू सोनकर, सुशील सोनकर, जीतन साव, रघुनाथ स्वर्णकार आदि व्यवसायी मौजूद थे.
इस दौरान पुलिस ने बल मंगा कर सब्जी के थोक व्यवसायियों को मंडी से हटाया और खुदरा व्यापारियों को सख्त निर्देश दिया कि वे झंडा चौक व रोड के इर्द गिर्द अपनी दुकान नहीं लगा कर सब्जी मंडी में लगायें. ऐसा नहीं करने पर उन पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. अभियान में बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद, नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी जितेंद्र कुमार जैसल, सफाई निरीक्षक एनएन दत्ता व पुलिस के जवान मौजूद थे.
