गर्भवती की जलने से मौत, ससुरालवाले फरार

जयनगर : थाना क्षेत्र के तिलोकरी में गुरुवार रात आठ माह की गर्भवती विवाहिता की जलने से मौत हो गयी. मृतका की पहचान 22 वर्षीय गुड़िया देवी (पति बबलू मोदी) के रूप में हुई है. मायके वालों का आरोप है कि दहेज के खातिर ससुराल वालों ने गर्भवती को जिंदा जला दिया. घटना के बाद […]

जयनगर : थाना क्षेत्र के तिलोकरी में गुरुवार रात आठ माह की गर्भवती विवाहिता की जलने से मौत हो गयी. मृतका की पहचान 22 वर्षीय गुड़िया देवी (पति बबलू मोदी) के रूप में हुई है. मायके वालों का आरोप है कि दहेज के खातिर ससुराल वालों ने गर्भवती को जिंदा जला दिया.

घटना के बाद ससुराल वाले फरार हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना को लेकर मृतका की मां मुन्नी देवी निवासी रजमनिया थाना बिरनी जिला गिरिडीह निवासी ने जयनगर थाना में आवेदन देकर कांड संख्या 106/19 भादवि की धारा 204(बी), 201, 120 बी/34 के तहत दर्ज कराया है. इसमें हत्या का आरोपी मृतका के पति बबलू मोदी, ससुर तुलसी मोदी, सास चंपा देवी, ननद रूपा देवी, ननदोई नीरज मोदी को बनाया गया है. आवेदन में मुन्नी देवी (पति तुलसी मोदी) ने कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी 10 मार्च 2016 को तिलोकरी निवासी बबलू मोदी (पिता तुलसी मोदी) से हिंदू रीति-रिवाज से की थी.
दहेज में उन्होंने तीन लाख रुपये नकद व अन्य सामान भी दिया था. शादी के कुछ दिनों बाद से पति बबलू मोदी, ससुर तुलसी मोदी व सास चंपा देवी दो लाख रुपये और मायके से लाने का दबाव देते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे. जानकारी मिलने पर ससुराल वालों को 90 हजार रुपये और दिया तथा अपनी असमर्थता जाहिर की. इस पर ससुरालवालों ने मांगें पूरी नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी.
छह जून की रात आठ बजे उनकी बेटी गुड़िया का फोन आया कि आप लोगों ने इनकी मांगें पूरी नहीं की है. अब मेरे पति बबलू मोदी, ससुर तुलसी मोदी, सास चंपा देवी, ननद रूपा देवी, ननदोई नीरज मोदी हमें बचने नहीं देंगे. इतना कह कर उसने फोन काट दिया. पुन: 11 बजे उन्हें एक फोन आया जिसमें कहा गया कि ससुरालवालों ने गुड़िया को जला कर मार दिया है. 11 बजे रात जब वे लोग वहां पहुंचे तो उनकी पुत्री जल कर मरी पड़ी थी.
जलने के कारण गर्भ का बच्चा भी मृत अवस्था में पाया गया. इधर, घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रवि किशोर प्रसाद व अन्य मौके पर पहुंचे, मायके वालों ने ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ देर के लिए शव उठाने नहीं दिया. बाद में ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा. थाना प्रभारी रवि किशोर प्रसाद ने बताया कि फिलहाल मृतका की मां के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. हम सभी बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं. दोषी लोगों को बख्शा नहीं जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >