कोडरमा बाजार : सांसद डॉ रवींद्र कुमार राय ने सोमवार को लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत धनबाद से सूरत तथा मालदा-सूरत गाड़ी को प्रतिदिन चलाने का मामला उठाया. डाॅ राय ने लोकसभा अध्यक्ष को अपने संबोधन में बताया कि सूरत से रांची के लिए एकमात्र गाड़ी 13426/13425 है जो साप्ताहिक है. इस गाड़ी में बहुत ज्यादा भीड़ रहती है. यदि किसी के साथ कोई दुर्घटना हो जाये तो आपातकालीन स्थिति में सूरत से झारखंड रेलगाड़ी द्वारा नहीं पहुंचा जा सकता है, उसके लिए एक सप्ताह का इंतजार करना पड़ता है.
झारखंड से सूरत के लिए दो गाड़ी प्रतिदिन चले तब जाकर यात्रियों को सुविधा होगी, क्योंकि झारखंड के लाखों की संख्या में युवक सूरत में कार्य करते है, जिसके कारण उनको और उनके पारिवारिक सदस्यों का झारखंड से सूरत आना-जाना लगा रहता है. डाॅ राय ने लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री से अनुरोध किया कि जनहित में एक नयी गाड़ी धनबाद से सूरत व सूरत से मालदा टाउन साप्ताहिक गाड़ी को प्रतिदिन करवाया जाये.
