जयनगर: प्रखंड मुख्यालय स्थित सांस्कृतिक भवन में गुरुवार को स्वच्छ भारत मिशन कोडरमा द्वारा कार्यक्रम का आयोजन कर प्रखंड में संचालित 196 आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं के बीच हैंडवाश यूनिट के रूप में नल लगी बाल्टी व टूल का वितरण किया गया. मौके पर प्रमुख जयप्रकाश राम ने कहा कि आंगनबाडी केंद्र के छह वर्ष तक के बच्चों में अभी से स्वच्छता की डालने के लिए जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है.
सेविकाएं अपनी जिम्मेदारी को समझें और बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाये. गंदगी के कारण बिमारी फैलती है. हमारा देश स्वच्छ होगा, तभी स्वस्थ होगा. बीडीओ अमित कुमार ने कहा कि जहां स्वच्छता होती है, वहां ईश्वर का वास होता है. उपायुक्त की पहल पर स्कूलों में हैंडवाश नल लगाया जा रहा है, जबकि आंगनबाड़ी केंद्रों को नल लगी बाल्टी दी जा रही है. सेविकाओं का कर्तव्य बनता है कि बच्चों को खाने से पहले और शौच के बाद हैंडवाश करने की आदत लगाएं. उन्होंने कहा कि हमारे हाथों के कीटाणु हमें नजर नहीं आते हैं, पर भोजन के साथ हमारे शरीर में प्रवेश कर डायरिया, मलेरिया जैसी कई बीमारियों को फैलाते हैं. इससे बचने का कारगर उपाय हाथों की सफाई है.
प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष बीरेंद्र मोदी ने सरकार व जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सिर्फ बाल्टी वितरण से कम नहीं होगा. इसके लिए पानी की भी जरूरत पड़ेगी. पर्यवेक्षिका उन केंद्रों की सूची बनाकर पेयजल विभाग के जेइ को दें, जहां चापानल नहीं है अथवा खराब पड़े हैं.
उप प्रमुख बीरेंद्र यादव ने कहा कि उक्त सूची प्रमुख व बीडीओ को दी जाये, ताकि जिला स्तर से इस पर पहल की जा सके. कार्यक्रम का संचालन जनसेवक रविरंजन ने किया. इस अवसर पर जिप सदस्य प्रतिनिध केदारनाथ यादव, पर्यवेक्षिका माधुरी कुमारी, जेपीएस सत्यजीत हिमवान, जेइ चंद्रिका प्रसाद, सेविका सरिता रानी, रूपा भारती, ममता देवी, उर्मिला देवी, वर्षा रानी, कुमारी पूजन, चंद्रिका देवी, कंचन देवी, चाइना देवी, गुलजहां खातून, रेहाना खातून, जेया रानी सिंह, संगीता देवी, फुलमती देवी, जिन्नत खातून, मीना देवी, साबना खातून, बेबी देवी, सुधा देवी, सरोज देवी, नीलम देवी, रेणु देवी सहित
विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका मौजूद थीं.
