खूंटी. खूंटी-रांची मुख्य पथ पर तजना ढाबा के पास बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक सलमान सईद की मौत हो गयी. वह शहर के पास स्थित पाशा कॉलोनी का रहने वाला था. हादसे के समय वह बाइक से रांची के डोरंडा कॉलेज जा रहा था.
डोरंडा कॉलेज में स्नातक में लिया था दाखिला
सलमान ने खूंटी प्लस टू स्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद रांची के डोरंडा कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लिया था. बुधवार को कॉलेज जाने का उसका पहला दिन था. परिवार में बेटे के कॉलेज जाने को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन पहले ही दिन हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया.
बाइक से निकला था
परिजनों के अनुसार सलमान बुधवार को बाइक से कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान तजना ढाबा के पास रांची की ओर से आ रही अमित नामक बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.हादसा इतना भीषण था कि सलमान की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.
बस जब्त, चालक हिरासत में
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया. दुर्घटनाग्रस्त बस को पुलिस ने जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL पेपर लीक में नया मोड़: 20 फर्जी नियुक्तियों वाले नए सिंडिकेट का खुलासा
परिवार में पसरा मातम
सलमान दो भाइयों में बड़ा था. उसके पिता सैयद अंसारी खूंटी बाजार में कपड़ा आदि बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. परिजनों ने बताया कि सलमान के कॉलेज जाने को लेकर घर में काफी उत्साह था. सभी को उम्मीद थी कि वह आगे की पढ़ाई पूरी कर अपने भविष्य को बेहतर बनायेगा. लेकिन कॉलेज के पहले ही दिन हुई सड़क दुर्घटना में उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है.
घटना के बाद पाशा कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है. आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं
