खूंटी: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवा कांग्रेस की खूंटी जिला इकाई की ओर से रक्तदान शिविर शुरू किया गया. शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक और उपाधीक्षक डॉ आनंद किशोर उरांव ने किया. सिविल सर्जन ने रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए युवा कांग्रेस की सराहना की. उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है.
पहले दिन 20 यूनिट रक्त संग्रहित
शिविर के पहले दिन कुल 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष सुमित पाठक और शारोन सुरीन ने बताया कि रक्तदान शिविर एक सप्ताह तक चलेगा. इस दौरान 100 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से संग्रहित रक्त से सदर अस्पताल में इलाज करा रहे जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन स्थिति में भर्ती मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. मौके पर यश राजनाथ सहदेव, निशांत झा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
