रनिया. रनिया प्रखंड क्षेत्र में पिछले करीब एक माह से विचरण कर रहा नौ जंगली हाथियों का झुंड अब रनिया-तोरपा सीमा क्षेत्र से होते हुए तोरपा प्रखंड पहुंच गया है. हाथियों के झुंड ने बनाबीरा गांव के समीप टोंगरी के पास झाड़ियों से घिरे सुनसान स्थान पर डेरा जमा लिया है. हाथियों के गांव के नजदीक पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत के साथ कौतूहल भी बना हुआ है.
हाथियों के झुंड के बनाबीरा के समीप पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग टोंगरी पर पहुंच गये. दिनभर टोंगरी के आसपास ग्रामीणों की भीड़ लगी रही. कई लोगों ने हाथियों के झुंड की तस्वीर और वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद किये. ग्रामीणों के अनुसार, झुंड में पांच बड़े हाथियों के अलावा चार छोटे हाथी के बच्चे शामिल हैं.
हाथियों के बनाबीरा के समीप पहुंचने की जानकारी मिलने पर प्रभारी वनपाल अविनाश लुगुन के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने हाथियों की गतिविधियों का जायजा लिया और आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी. वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के झुंड के पास नहीं जाने तथा उन्हें किसी भी तरह से परेशान नहीं करने की अपील की है.
जानकारी के अनुसार, जंगली हाथियों का यह झुंड पिछले करीब एक महीने से रनिया प्रखंड की जयपुर, डाहु और बनई पंचायतों के विभिन्न इलाकों में विचरण कर रहा था. अब झुंड के तोरपा प्रखंड की सीमा में पहुंचने के बाद वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है.
