कर्रा. कर्रा प्रखंड के कुलहुटू से हाकाजांग होते हुए नगड़ी बाजार जाने वाली मुख्य सड़क की मरम्मत ग्रामीणों ने सोमवार को श्रमदान से की. हाकाजांग पंचायत मुख्यालय के समीप सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गये थे. बारिश का पानी जमा होने से गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता था.
ग्रामीणों ने श्रम के साथ आर्थिक सहयोग कर सड़क को आवागमन योग्य बनाया. उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है. मुखिया, पंचायत सचिव, बीडीओ, विधायक, पूर्व विधायक और सांसद को कई बार इसकी जानकारी दी गयी, लेकिन मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई. ग्राम प्रधान प्रवीण कुजूर ने कहा कि जर्जर सड़क से स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं और राहगीरों को काफी परेशानी हो रही थी.
ग्रामीण राज कुमार महतो ने बताया कि रविवार शाम ग्रामीणों की बैठक में श्रमदान से सड़क की मरम्मत करने का निर्णय लिया गया. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाकर ग्रामीण थक चुके हैं.
सड़क में बड़े गड्ढों के कारण छोटी गाड़ियों, एंबुलेंस और स्कूल बसों का आवागमन भी बाधित था. युवती सुमन बाखला ने कहा कि सड़क की मरम्मत होने से ग्रामीणों को राहत मिली है. यह मार्ग आसपास के कई गांवों को रांची-धुर्वा मुख्य मार्ग और नगड़ी बाजार से जोड़ता है.