जिले में संचालित योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा
प्रतिनिधि, खूंटीसमाहरणालय में शनिवार को उपायुक्त लोकेश मिश्र की अध्यक्षता में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी. सबसे पहले जिले में नष्ट की जा रही अफीम की अवैध खेती की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में अफीम की खेती शतप्रतिशत नष्ट करना सुनिश्चित किया जाये. किसानों को वैकल्पिक खेती से जोड़ने के लिए 27 फरवरी को सभी पंचायतों में ग्रामसभा की जाये. इस ग्रामसभा में किसानों से चर्चा कर उनकी रुचि और क्षेत्र की मिट्टी के अनुसार उपयुक्त खेती, सिंचाई, मत्स्य पालन और पशुपालन पर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिये गये. बैठक में बोरी बांध योजना पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने क्षेत्रीय आकलन कर ग्रामीण इलाकों में बोरी बांध निर्माण की संभावनाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीसी ने सभी प्रखंडों में लाभुकों का वेरिफिकेशन कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में जन वितरण प्रणाली के तहत शतप्रतिशत लाभुकों को राशन व सोना सोबरन धोती-साड़ी और लुंगी वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया. लैम्प्स-पैक्स क्षेत्रों में जहां अतिरिक्त गोदाम की आवश्यकता है, वहां 500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया. बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जेएसएलपीएस, पेयजल व्यवस्था आदि की समीक्षा की गयी. पंचायत स्तर पर 14वें व 15वें वित्त के तहत स्थापित पेयजल सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिये गये.
समय सीमा के अंदर पूरी करें योजना
डीसी ने अंचल अधिकारियों को प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान करने और ‘सेंगो साथी चटबॉट’ पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वह आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें. मौके पर उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, सभी बीडीओ और अंचल अधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
