खूंटी: 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों में उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. मुख्य समारोह कचहरी मैदान में आयोजित हुआ. यहां उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी. इससे पहले उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने परेड का निरीक्षण किया. समारोह के दौरान राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् और राष्ट्रगान जन गण मन का गायन हुआ.
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से खूंटी जिला विकास की ओर निरंतर अग्रसर है. उन्होंने जिले के विकास में आम लोगों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया.
परेड में जिला पुलिस बल की पुरुष व महिला प्लाटून, सहायक पुलिस बल की महिला प्लाटून, डीएवी खूंटी, एसडीए मिशन विद्यालय, लोयोला उच्च विद्यालय, बिरसा कॉलेज एनसीसी गर्ल्स, महात्मा गांधी एनडी ग्रोवर हाई स्कूल, सीएम एसओई एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय और जीईएल इमानुएल उच्च विद्यालय कदमा की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया. विभिन्न विद्यालयों की बैंड पार्टियों ने भी प्रस्तुति दी.
परेड में जिला पुलिस बल महिला प्लाटून ने प्रथम, बिरसा कॉलेज खूंटी एनसीसी गर्ल्स ने द्वितीय और सीएम एसओई एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय एनसीसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेता टुकड़ियों को उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया.
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों और मैट्रिक व इंटरमीडिएट में बेहतर परिणाम लाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सफाई मित्र, सेविका, सहायिका, आदेशपाल, अनुसेवक, सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, पुलिस पदाधिकारी व कर्मी, जनसेवक और स्वास्थ्यकर्मियों समेत अन्य को भी बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया. इससे पूर्व उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कचहरी मैदान स्थित बिरसा पार्क में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष और बलिदान को नमन किया. समारोह में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अपर समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद थे.
