तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत

थाना क्षेत्र के गुफु बड़का टोली में गुरुवार को तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गयी.

तोरपा. थाना क्षेत्र के गुफु बड़का टोली में गुरुवार को तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गयी. मृतकों में गुफु बड़का टोली के सुमन गुड़िया का बेटा निमिसन गुड़िया (आठ ) तथा जइसन गुड़िया (10) व हेरमन गुड़िया का बेटा डेविड गुड़िया (छह ) शामिल हैं. तीनों बच्चे राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुफु में पढ़ते थे. निमिसन कक्षा दो में, जइसन कक्षा तीन में तथा डेविड कक्षा एक में पढता था. मिली जानकारी के अनुसार स्कूल छुट्टी होने के बाद तीनों बच्चे तालाब की ओर खेलने चले गये. खेलते-खेलते वे तालाब के पास पहुंचे. आशंका व्यक्त की जा रही है कि बच्चे नहाने के लिए तालाब में गये और गहरे पानी में डूब गये. इसी बीच निमिसन और जइसन की मां मेलानी गुड़िया बच्चों को खोजते हुए तालाब के पास पहुंची. बच्चों का कपड़ा तालाब के किनारे रखा हुआ मिला. बच्चों के तालाब में डूब जाने की आशंका से उसने तुरंत गांव वालों को सूचना दी. सूचना पाकर गांव वाले वहां पहुंचे. गांव के ही प्रवीण गुड़िया एवं लुकस गुड़िया नमक दो युवकों ने तालाब में घुसकर बच्चों को बाहर निकाला. घटना की सूचना पाकर मुखिया शिशिर तोपनो घटनास्थल पर पहुंची. घटना की सूचना तोरपा पुलिस को दी गयी. सूचना पाकर थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर संजीव करण देव आदि पुलिसकर्मी वहां पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल तथा तालाब का निरीक्षण किया. शव को थाना लेकर आये.

गांव में छाया मातम :

एक साथ तीन बच्चों की मौत से गुफु गांव में मातम छा गया. बच्चों की मां व ग्रामीणों का रो रोकर बुरा हाल था. उनके रोने से माहौल गमगीन हो गया था . सबकी आंखें नम थी. मां बच्चे को अपनी गोद में रखकर लिपटे हुए रो रहीं थी. दो भाइयों निमिसन एवं जइसन की एक साथ मौत से उनकी मां मेलानी गुड़िया एवं पिता सुमन गुड़िया की दुनिया ही उजड़ दी. इनके दो ही बच्चे थे. दोनों की मौत ने इनको झकझोर कर रख दिया है. एक अन्य मृतक डेविड गुड़िया का पिता काम करने बाहर गया हुआ है. वह अपनी मां सरिता गुड़िया के साथ रहता था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >