जिले में विभिन्न जगहों पर झूलन अनुष्ठान कर मंडा पूजा श्रद्धा व भक्ति के संपन्न हो गया. कर्रा प्रखंड के बिकुवादाग, तिलमी, हाकाजांग तोरपा प्रखंड के डोड़मा और अड़की प्रखंड के शिव मंदिर में भी मंडा पूजा धूमधाम से मनाया गया. बिकुवादाग में मंडा पूजा का आयोजन शर्मा परिवार ने किया. अनुष्ठान में शामिल सभी भोक्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी तथा उनके बीच वस्त्र का वितरण किया गया. तमाड़ से आये छऊ नृत्य दल ने अपनी प्रस्तुति से रात भर लोगों का मनोरंजन किया. झूलन के दौरान भोक्ताओं द्वारा बरसाए जा रहे फूलों को पाने के लिए लोगों में होड़ मची रही. जिन परिवारों से लोग मंडा में भोक्ता बने थे, झूलन के दौरान उस घर की महिलाएं माथे में पवित्र कलश और फूलों की माला लेकर खड़ी थीं. मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला, स्लाइडर सहित काफी संख्या में अन्य साधन उपलब्ध थे. साथ ही सैकड़ों मिठाई, फल, गहने आदि की दुकानें सजी थीं. आयोजन को सफल बनाने में सदन गोपाल शर्मा, दिलीप शर्मा, गीता शरण शर्मा, रमाकांत शर्मा, अश्विनी शर्मा, अशोक शर्मा, बिट्टू शर्मा आदि ने योगदान दिया.
हाकाजांग :
कर्रा प्रखंड के हाकाजांग में मंडा पूजा का आयोजन किया गया. शनिवार को झूलन अनुष्ठान संपन्न हुआ. कार्यक्रम में खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे. उन्होंने पूजा में भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. कहा कि इस तरह के पारंपरिक आयोजन हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं. इस अवसर पर दुर्गा, लखीराज, जीवन, अजीत, विराज, विजय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
तिलमी :
कर्रा प्रखंड के तिलमी में मंडा पूजा के तहत शनिवार को झूलन हुआ. सभी अनुष्ठान पंडित संजय गोस्वामी ने कराये. झूलन कार्यक्रम के बाद आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि भाजपा खूंटी जिलाध्यक्ष आनंद कुमार व विशिष्ट अतिथि जिला महामंत्री निखिल कंडुलना ने दीप प्रज्ज्वलित कर ऑर्केस्ट्रा का उदघाटन किया. उन्होंने कहा कि मंडा पूजा आस्था और भक्ति में शक्ति को दर्शाता है. मंडा पूजा को सफल बनाने में अध्यक्ष भरत साहू, सचिव देवेंद्र महतो, शिवप्रसाद, हलुनाथ साहू, बिनोद, मोहन, अजय, हिरालाल, राम अवतार, मनभरन, प्रभु, प्रेम सागर आदि ने सहयोग किया.
अड़की में मंडा पूजा :
अड़की में तीन दिनो से चल रहे मंडा पूजा का शनिवार को झूलन के साथ संपन्न हो गया. शिव भक्तों ने तीन दिन तक उपवास रख कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. पूजा के दौरान छऊ नृत्य का आयोजन किया गया. छऊ उस्ताद बिणाधर कुमार, हेमचंद्र महतो व त्रिलोचन कर्मकार ने अपनी कला का प्रदर्शन किया.
बंदगांव में मंडा पूजा :
बंदगांव बाजार में मंडा पूजा सह मेला का आयोजन किया गया. भोक्ताओं ने दहकते अंगारों पर चलकर व झूलन उत्सव में बनस से लटक कर अपनी भक्ति दिखायी. बंदगांव बाजार परिसर में ऐतिहासिक शिव-पार्वती की मंदिर में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि मंडा मेला में हमारे झारखंड की संस्कृति झलकती है. झारखंड की पहचान हमारे धर्म, संस्कृति व सभ्यता से है. शुक्रवार की रात छऊ नृत्य का आयोजन किया गया. जहां पश्चिम बंगाल व सरायकेला-खरसावां के सुप्रसिद्ध छऊ नृत्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक पौराणिक कथाओं पर आधारित छऊ नृत्य पेश किये. आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक रमेश सिंह, अर्जुन सिंह, किशुन मछुआ, अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण सिंहदेव, विवेक सिंह विक्की, डॉ पीके विस्वास, राजेंद्र मछुआ, चंदन सिंह,सम्मी सिंह, राजकुमार, महादेव नायक, तुलसी बाकती आदि ने सहयोग किया.
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मंडा पूजा, उमड़े लोग
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.