बिजली के हाइटेंशन तार चोरी कर बेचनेवाले गिरोह का खुलासा करते हुए तोरपा पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को बुधवार को जेल भेज दिया गया. पुलिस ने भारी मात्रा में बिजली तार, पिकअप वाहन और तार काटने के अन्य उपकरण भी बरामद किये हैं. इस आशय की जानकारी तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि तोरपा-खूंटी रोड पर कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे बिजली के खंभों से हाइटेंशन तार काटकर पिकअप वाहन में लोड किया जा रहा है. सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर तोरपा के एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए हाइटेंशन बिजली तार काट रहे सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके पास से आठ बंडल हाइटेंशन बिजली तार (लगभग 250 किलोग्राम), तार काटने की एक मशीन, पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 01 एआर -7335) तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों में गुमला जिले के बसिया थाना अंतर्गत किन्दीरकेला गांव का शेख अप्पू तथा दिलकश खान ऊर्फ टेटे, इसी थाना क्षेत्र के डुमरटोली का मनीष लोहरा ऊर्फ शिशु तथा पातुरा का बजरंग लोहरा ऊर्फ माटु, तोरपा मस्जिद गली निवासी इब्राहिम ऊर्फ इरफान, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के रामगढ़ थाना के जटापुरी गांव के रमजानी तथा बिहार के चम्पारण जिले के राजेपुर थाना के नुनीमल गांव का चांद मोहम्मद शामिल हैं. छापामारी में एसडीपीओ तोरपा क्रिस्टोफर केरकेट्टा, पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक अमरेन्द्र मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक रोशन खाखा (अनुसंधानकर्ता), बैजु लकड़ा, सोनाराम स्वांसी, आलोक रंजन सहित तोरपा थाना के पुलिसकर्मी और रिजर्व गार्ड शामिल थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.