खूंटी: जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह स्थानीय कचहरी मैदान में आयोजित किया जायेगा. यहां उपायुक्त मो जावेद हुसैन सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे. इस दौरान राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति होगी. उपायुक्त परेड का निरीक्षण भी करेंगे. स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर कचहरी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया. उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने परेड का निरीक्षण करने के साथ ध्वजारोहण का पूर्वाभ्यास किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार समारोह आयोजित करने और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.
सरकारी कार्यालयों में सुबह 8 बजे तक होगा ध्वजारोहण
जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 8 बजे तक ध्वजारोहण किया जायेगा. कार्यालयों में संबंधित कार्यालय प्रमुख झंडोत्तोलन करेंगे.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जायेगा सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जायेगा. इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों और सीएम एसओई के 10वीं व 12वीं कक्षा में बेहतर परिणाम हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा. विभिन्न सरकारी कार्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा.
आज बिरसा कॉलेज में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार शाम बिरसा कॉलेज के बहुउद्देश्यीय भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे होगी. इसमें देशभक्ति गीतों के साथ स्थानीय लोकनृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति होगी. कार्यक्रम में उपायुक्त मो जावेद हुसैन, एसपी ऋषभ गर्ग समेत जिले के अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे. समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
