खूंटी. समावेशी शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से तीन दिवसीय जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका मध्य विद्यालय खूंटी के सभागार में किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील ने कहा कि समाज और विद्यालय की संयुक्त जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि जो बच्चे अब तक विद्यालय की मुख्यधारा से नहीं जुड़ पाए हैं उन्हें चिह्नित कर विशेष प्रयास के साथ स्कूल से जोड़ना हम सभी का दायित्व है. उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया. प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रखंड स्तर पर विशेष सर्वे कर ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी जो अब तक विद्यालय से बाहर हैं. उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं और रिसोर्स शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा. कार्यशाला में जिले के अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड साधन सेवी, संकुल साधन सेवी, उच्च एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, आंगनबाड़ी सेविकाएं, रिसोर्स शिक्षक तथा अभिभावक उपस्थित रहे.
जिलास्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन
जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका मध्य विद्यालय खूंटी के सभागार में किया गया.
