आपसी समन्वय, पारदर्शिता और पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें अधिकारी

खूंटी उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने जिला स्तरीय बैठक में विकास योजनाओं, आधार शिविर और शिक्षा विभाग के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

खूंटी: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई. इसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने मनरेगा के तहत ई-केवाईसी, जियो टैगिंग, मानव दिवस सृजन और बिरसा हरित ग्राम योजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया.

उन्होंने पंचायत भवनों में 24 जुलाई से आधार शिविर आयोजित करने तथा प्रत्येक प्रखंड में नियमित रक्तदान शिविर लगाने को कहा. विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने छूटे हुए टोलों में विद्युतीकरण, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही विद्युत मिस्त्रियों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराने को कहा.

बैठक में असंगठित श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण, मुद्रा ऋण के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की प्रगति, पेंशन योजनाओं का समय पर भुगतान, तालाबों के जीर्णोद्धार, हॉकी एवं फुटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन, अतिरिक्त लैम्प्स केंद्र खोलने और कर्रा गोदाम की मरम्मत सहित कई बिंदुओं पर चर्चा हुई.

उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय, पारदर्शिता और पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें. योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

आउट ऑफ स्कूल बच्चों के नामांकन अभियान की समीक्षा

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्पेशल एनरोलमेंट ट्रैकिंग एंड इंगेजमेंट ऑफ आउट ऑफ स्कूल चिल्ड्रन अभियान की भी समीक्षा की. उन्होंने विद्यालयों में नामांकन की स्थिति, ड्रॉप आउट बच्चों की संख्या और विशेष नामांकन अभियान की प्रगति की जानकारी ली.

उन्होंने कम नामांकन वाले विद्यालयों और अधिक ड्रॉप आउट वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. अड़की और कर्रा प्रखंड में घर-घर संपर्क, जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को कहा.

साथ ही ढाबों, रेलवे स्टेशन, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर काम करने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालय से जोड़ने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ और अन्य अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

चंदन कुमार ने करियर की शुरुआत 1996 में प्रभात खबर से की. ऑल इंडिया रेडियो, सहारा समय टीवी, इंडिया टुडे एवं राष्ट्रीय सहारा में कार्य अनुभव. यात्रा वृतांत,साहित्य, सामाजिक बदलाव एवं कानूनी मामले की खबरों में रुचि. वर्तमान में मधेपुरा से खबरों का संकलन करते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >