खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के समीप तजना नदी के पुल के नीचे से शुक्रवार को एक युवक और एक महिला का शव बरामद किया गया है. मृतकों की पहचान लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र के गड़गई गांव निवासी अरूण कुमार राणा (21 वर्ष) और उसके पड़ोस में रहने वाली नेहा कुमारी (25 वर्ष) के रूप में की गयी है. उनकी हत्या सर को कुचकर हत्या की गयी है. उनकी हत्या पुल के ऊपर की गयी, इसके बाद शव पुल के नीचे फेंक दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार की सुबह एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक सिंह, सायको थाना प्रभारी पीआर पांडेय सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी. जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी लिया. वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया.
बच्चे को लेने ससुराल गयी थी नेहा
जानकारी के अनुसार नेहा कुमारी का ससुराल गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डोरिया गांव में है. वह पति कुंदन प्रमाणिक से तीन साल से अलग रह रही थी. परिजनों का आरोप है कि नेहा के पति कुंदन प्रमाणिक का किसी और महिला से प्रेम संबंध है और उसके साथ शादी भी कर ली है. वहीं नेहा के साथ प्रताड़ना करता था. उसका पांच साल का बेटा पति कुंदन के पास ही था. शनिवार को नेहा की छोटी बहन की शादी होने वाली है. इसे लेकर नेहा पास के अरुण कुमार राणा के साथ बच्चे को लेने ससुराल गयी. जहां पति ने बच्चा नहीं दिया और उसके साथ झगड़ा किया. इस बात को लेकर नेहा ने करंज थाना में जाकर शिकायत भी की. परिजनों का आरोप है कि पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला. जिसके बाद शुक्रवार को उनका शव बरामद किया गया.
पति कुंदन प्रमाणिक पर हत्या की आशंका, प्राथमिकी दर्ज
पुलिस और परिजनों ने नेहा के पति कुंदन प्रमाणिक पर हत्या करने का शंका व्यक्त किया है. इस संबंध में उनके बयान के आधार पर खूंटी थाना में पति और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
अपहरण कर स्कॉर्पियो से खूंटी लाने का आरोप
जानकारी के अनुसार पति ने दोनों का अपनी स्कॉर्पियो में अपहरण कर घाघरा के पास पुल के पास लाया. जहां हत्या कर दोनों को फेंक दिया. इसके बाद वह फरार हो गया. जानकारी के अनुसार उसकी स्कॉर्पियो को बुंडू चौक से बरामद किया गया है. इस संबंध में पुलिस छानबीन कर रही है.
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए सबूत
इस संबंध में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि मृतकों के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच के लिए एफएसएल की टीम भी घटनास्थल से सबूत जुटायी है.
नेहा के पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
नेहा के पति कुंदन पर हत्या का आरोप मृतक नेहा के पिता भोला ठाकुर ने कहा कि नेहा और कुंदन का छह वर्ष पहले शादी हुआ था. शादी के बाद से ही वह नेहा को प्रताड़ित कर रहा था. इस संबंध में नेहा ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. उन्होंने कहा कि कुंदन प्रमाणिक बुंडू क्षेत्र की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग है. उसके साथ शादी भी कर लिया है. इसे लेकर भी नेहा ने मेंटेनेंस की मांग की थी. उन्होंने बताया कि जब नेहा और अरुण करंज थाना पहुंचे तो पुलिस ने उनका सहयोग नहीं किया. जिसके बाद वे बाइक में सवार होकर वापस लौट रहे थे. इसी क्रम में कुंदन अपने कुछ साथियों के साथ उनके पीछे पहुंचा और उन्हे स्कॉर्पियो से टक्कर मार कर गिरा दिया. आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी के बाद उसने दोनों का अपहरण कर खूंटी ले आया.
अरुण के पिता बोले- बेटे को जिद कर साथ ले गयी थी नेहा
अरूण के पिता प्रकाष राम ने कहा कि नेहा उनके पड़ोस में रहती है. गुरूवार को नेहा ने अरुण कुमार राणा को अपने ससुराल जाने की जिद करने लगी. इसके बाद वह अपनी बाइक में उसे ससुराल डोरिया लेकर गया. नेहा के पति ने उसकी भी हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि अरुण की अभी शादी भी नहीं हुई थी. वह पिता के साथ फर्नीचर का काम सीख रहा था.
