खूंटी. खेलो झारखंड सलेक्शन ट्रायल में खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है. 18 अगस्त को टिकैत उमराव शूटिंग रेंज, खेलगांव में आयोजित चयन ट्रायल में क्लब के 11 खिलाड़ियों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) नेशनल के लिए हुआ है.
झारखंड में जिला क्लब के लिए पहली बड़ी उपलब्धि
क्लब के अनुसार, झारखंड के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी जिला क्लब से एक साथ 11 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है. इस उपलब्धि के साथ खूंटी ने राज्य में सबसे अधिक खिलाड़ियों का चयन कराने वाले जिले के रूप में अपनी पहचान बनाई है.
गोवा और भोपाल में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे खिलाड़ी
चयनित सभी 11 खिलाड़ी गोवा और भोपाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे. चयनित खिलाड़ियों में आठ खिलाड़ी डीएवी खूंटी के हैं. इसके अलावा लोयोला इंग्लिश मीडियम और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (एसएस खूंटी) के विद्यार्थी भी शामिल हैं.
अंडर-14 में चार खिलाड़ियों का चयन
अंडर-14 वर्ग में पिस्टल वूमेन में परी कुमारी, ओपन साइट राइफल वूमेन में आराध्य पाठक और प्रार्थना कुमारी तथा ओपन साइट राइफल मेन में रिषभ नाग का चयन हुआ है.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC : कल रांची पहुंचेगी भर्ती सुधार यात्रा, 11 को मोरहाबादी से बिरसा मुंडा समाधि स्थल तक निकलेगी पदयात्रा
अंडर-17 में तीन खिलाड़ियों ने बनाई जगह
अंडर-17 वर्ग में पीप साइट राइफल वूमेन में अर्चना कुमारी, ओपन साइट राइफल वूमेन में शिवानी कुमारी और ओपन साइट राइफल मेन में रचित रंजन प्रसाद ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनायी है.
अंडर-19 वर्ग में चार खिलाड़ी चयनित
अंडर-19 वर्ग में पिस्टल मेन में चिराग कुमार और कृष्णा गुप्ता, ओपन साइट राइफल मेन में हर्ष परही तथा ओपन साइट राइफल वूमेन में अक्षिता कुमारी का चयन हुआ है.
क्लब में खुशी का माहौल
एक साथ 11 खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से खूंटी राइफल शूटिंग क्लब में खुशी का माहौल है. खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और जिलेवासियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं.
