खूंटी. मुरहू प्रखंड के कुलीपीड़ी गांव में स्वामी विवेकानंद सेवा संघ, मुरहू प्रखंड के तत्वावधान में हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में सेवा संघ से जुडे 12 गांवों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए ग्रामीणों और खेलप्रेमियों की भीड जुटी रही.
कार्यक्रम में खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढाया. उन्होंने कहा कि खेल को केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए. खिलाड़ियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढते हुए राज्य और देश के लिए खेलने का लक्ष्य रखना चाहिए.
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है. इससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को आगे ले जा सकेंगे.
मुखिया सुखराम सरूकद ने कहा कि युवाओं की खेलों के प्रति बढती रुचि सराहनीय है. नियमित प्रशिक्षण से खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरेगी. खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ उनके लिए बेहतर भविष्य और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा सकता है.
मौके पर रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोरहाबादी के स्वामी भक्तिशानंद जी महाराज, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सालन ओडेया, कुवरसिंह मुंडरी, बंटी ओडिया समेत काफी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद थे.
