तोरपा (खूंटी) : प्रखंड मुख्यालय के गांधी नगर में गणेश पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. गणेश पूजा समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं. गांधी नगर सहित तोरपा के मुख्य मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. मेन रोड पर ॐ लिखे झंडे लगाये गये हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आने लगा है.
13 सितंबर को निकाली जायेगी भव्य कलश यात्रा
समिति के सदस्यों ने बताया कि गणेश पूजा के अवसर पर 13 सितंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जायेगी. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. कलश यात्रा गांधी नगर से शुरू होकर छाता नदी तक जायेगी. वहां से वापस मंदिर परिसर पहुंचकर यात्रा समाप्त होगी.
आसपास के लोगों में भी खासा उत्साह
इसके बाद 14 सितंबर को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर गणेश चतुर्थी की पूजा-अर्चना की जायेगी. आयोजन को लेकर आसपास के लोगों में भी खासा उत्साह है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर समिति की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
काल्पनिक मंदिर के प्रारूप में बनेगा पंडाल
गणेश पूजा के लिए गांधी नगर में भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. समिति के सदस्यों द्वारा पंडाल को काल्पनिक मंदिर का प्रारूप दिया जा रहा है. इसी पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जायेगी.
गणेश पूजा समिति का हुआ पुनर्गठन
गणेश चतुर्थी पूजा को धूमधाम से मनाने के लिए गणेश पूजा समिति गांधी नगर, तोरपा का पुनर्गठन किया गया है. राजेश नायक को अध्यक्ष, बसंत नायक को उपाध्यक्ष, शिवा नायक को सचिव और संदीप नायक को उप सचिव बनाया गया है. रूपेश नायक को कोषाध्यक्ष और संतोष नायक को उप कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है. बादल नायक को मंत्री और अभय नायक को महामंत्री बनाया गया है. मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सकूल नायक और प्रदीप खोया को दी गयी है.
सभी को सौंपी गई जिम्मेदारी
अमन नायक, मोहित नायक और पंकज नायक को पंडाल प्रभारी बनाया गया है. पूजा प्रभारी हरि नायक और गौरीशंकर नायक, जबकि कलश प्रभारी विक्की नायक, साहिल नायक और हर्ष नायक को बनाया गया है. प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी सूरज नायक, उमेश नायक और सुनील नायक को दी गयी है. सफाई मंत्री के रूप में पवन नायक, निशांत नायक और गुनु नायक को जिम्मेदारी दी गयी है. मुख्य संरक्षक में सुदर्शन नायक, टिंकू नायक, कृष्णा नायक, जगदेव नायक, बीरू नायक, गजाधर नायक, शिवकुमार नायक, राजेश नायक, मन्नू नायक, गुड्डु नायक और बहुरा नायक शामिल हैं. चंदा प्रभारी की जिम्मेदारी बलराम प्रसाद, ललन नायक, विकास नायक और मन्नू नायक को दी गयी है.
