ग्राम प्रधान पड़हा व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से शनिवार को प्रखंड सभागार में बैठक की गयी. अध्यक्षता ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष सह पड़हा संयोजक महादेव मुंडा ने की. बैठक में संयोजक महादेव मुंडा ने कहा कि ग्राम प्रधानों के कार्यों को व्यवस्थित और जवाबदेह बनाने के लिए सचिव का चयन आवश्यक है. सहायक सचिव पद के लिए महिला का चयन किया जाये. जिससे प्रशासनिक कार्यों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. कहा कि प्रत्येक ग्राम प्रधान अपने-अपने क्षेत्र के पड़हा राजा क्षेत्र का स्पष्ट सीमांकन सुनिश्चित करें. इसके साथ ही अपने क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले सभी गांवों की संख्या, विद्यालयों, मंदिरो, गिरजाघरों, मस्जिदों और सरना स्थलों की विस्तृत जानकारी रजिस्टर में अंकित करें. बैठक में ग्राम प्रधानों को विकास कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए नौ विभागों की जिम्मेदारी भी सौंपी गयी. जिसमें ग्राम विकास, निगरानी समिति, स्वास्थ्य और पेयजल विभाग, शिक्षा, कृषि, बाजार, मद्य (शराब) नियंत्रण, बाल विकास तथा महिला विकास शामिल हैं. अंत में ग्राम प्रधानों को पारंपरिक व्यवस्था और आधुनिक प्रशासनिक प्रणाली के बीच संतुलन बनाकर समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.