खूंटी. झारखंड राज्य जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की मांगों को लेकर मंगलवार को फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में जिले के जन वितरण प्रणाली की दुकानदारों ने धरना-प्रदर्शन किया. इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. जिसमें डीलर्स ने लंबे समय से लंबित कमीशन की राशि का भुगतान करने का मांग किया है.
उन्होंने अब तक वितरित पीएमजीकेएवाई, एनएफएसए और जेएसएफएसएस खाद्यान्न का बकाया कमीशन 30 दिनों के अंदर भुगतान करने, आवंटन के साथ ही कमीशन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने आवंटित माह का खाद्यान्न माह शुरू होने से पहले उपलब्ध कराने अथवा खाद्यान्न प्राप्त होने के बाद 30 दिनों की वितरण अवधि देने और सही मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की.
इसके अलावा पीडीएस दुकानदारों की मासिक आय 50 हजार रुपये सुनिश्चित करने, मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य चिकित्सा योजना में डीलर परिवार को शामिल करने तथा मुख्यमंत्री दाल योजना को नियमित रूप से लागू करने की मांग की गयी. डीलरों ने कहा कि 30 सितंबर तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर एक अक्टूबर को राजभवन के समक्ष राज्यव्यापी धरना दिया जायेगा.
मौके पर जिला अध्यक्ष प्रकाश साहू, अनुपम बगराए नाग, विनोद प्रसाद, सरस्वती सिंह, भुनेश्वर महतो, नीलमोहन सिंह मुंडा, रंथु राम, जयमशीह धान, महादेव मुंडा, प्रमोद लहरी, मदन साव, फ्रांसिस डोडराई, सुसाना, राम अवतार प्रसाद सहित अन्य उपस्थित थे.
