खूंटी. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को बिरसा कॉलेज के बहुउद्देशीय हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र गौरव का संदेश दिया. बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आरसी बालक मध्य विद्यालय खूंटी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय खूंटी को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान मिला.
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मुरहू, डीएवी पब्लिक स्कूल खूंटी और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका खूंटी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे. जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खूंटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया.
उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीर सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को याद करने का अवसर है. उन्होंने झारखंड की समृद्ध संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य के लिए बेहतर नागरिक बनने की दिशा में स्वयं को तैयार करना चाहिए.
युवा अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे तो देश भी प्रगति करेगा. मौके पर डीडीसी प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.
