तोरपा. उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में गुरुवार को हुए टनल हादसे में तोरपा के कमड़ा सेमर टोली का युवक लुकस तोपनो टनल के अंदर मलबे में दब गया है. उसके जीवित होने की संभावना कम बतायी जा रही है. उसके साथ छत्तीसगढ़ के दो युवक की टनल में ही हैं, जिनका पता नहीं चल पा रहा है. इस हादसे में तोरपा प्रखंड के तीन युवक घायल हो गये हैं, जिनका इलाज चमोली के अस्पताल में किया जा रहा है.
टनल में फंसे मजदूरों की तलाश जारी
घायल मजदूरों में तोरपा प्रखंड के कमड़ा अम्बाटोली गांव का हाबिल गुड़िया, पैरा किनसु टोली का निस्तार भेंगरा तथा रोन्हे गांव का दीना भेंगरा शामिल है. टनल में फोरमैन के रूप में काम कर रहे खूंटी जिले के जुरदाग गांव का युवक अनिल तोपनो ने बताया कि गुरुवार को सभी मजदूर टनल के अंदर काम कर रहे थे. इसी बीच भूस्खलन की घटना घटी इसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. पांच मजदूरों के शव बाहर निकाले गये. कई मजदूर घायल हुए, जिनका इलाज चमोली के अस्पताल में किया जा रहा है. मलबे में दबे तोरपा के लुकस सहित अन्य मजदूरों की तलाश की जा रही है.
परिजनों को है मजदूरों के लौट आने का इंतजार
टनल हादसे की खबर पाकर टनल में फंसे लुकस तोपनो सहित सभी घायलों के परिजन शोकाकुल हैं. मजदूर के परिजनों को उसके लौट आने का इंतजार है. लुकस का भाई रेजन तोपनो ने बताया कि लुकस तीन माह पूर्व ही अपने दोस्तों के साथ काम करने उत्तराखंड गया था. टनल हादसे के बाद उसका पता नहीं चल पा रहा है. परिवार के लोग उसके लौटने का इंतजार कर रहे हैं. घायल मजदूर दीना के पिता कइला भेंगरा तथा भाई शनिका भेंगरा ने कहा कि दीना के घायल होने की खबर जब से मिली है परिवार वालों का बुरा हाल है.
झामुमो नेताओं ने की परिजनों से मुलाकात
टनल हादसे की जानकरी मिलने के बाद झामुमो महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य सुशांति कोनगाड़ी, तोरपा प्रखंड अध्यक्ष रुबेन तोपनो, शिशिर तोपनो, विमला डोडराय, नितीश भेंगरा आदि लुकस तोपनो तथा दीना भेंगरा के परिजनों से मिल सांत्वना दी तथा उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
