दो चरणों में होगा जनगणना कार्य : डीसी
उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बुधवार को जनगणना 2027 के सफल आयोजन को लेकर प्रेस कांफ्रेंस किया.
प्रतिनिधि, खूंटी.
उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बुधवार को जनगणना 2027 के सफल आयोजन को लेकर प्रेस कांफ्रेंस किया. उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना अपनी समृद्ध परंपरा के कारण विश्व की सर्वश्रेष्ठ जनगणनाओं में से एक मानी जाती है. यह विश्व के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यों में शामिल है. जनगणना भारत के संविधान की सातवीं अनुसूची की संघ सूची में अंकित है तथा जनगणना अधिनियम, 1948 इसके संचालन का विधिक आधार प्रदान करता है. उपायुक्त ने बताया कि जनगणना 2027, वर्ष 1872 से 16वीं तथा स्वतंत्रता के पश्चात आठवीं जनगणना होगी. इसका दो चरणों में आयोजन किया जायेगा. प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों का गणना कार्य होगा. जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना संपन्न होगी. उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना में स्व-गणना की सुविधा है. इसके तहत एक मई से 15 मई तक लोग पोर्टल के माध्यम से स्व गणना कर सकेंगे. इसके बाद 16 मई से 14 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य करेंगे. वहीं जनगणना का सत्यापन करेंगे. द्वितीय चरण अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य नौ फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक होगा. उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 में जानकारी डिजिटल माध्यम (मोबाइल एप) के जरिये संकलित की जायेगी. जनगणना के दौरान कुल 33 प्रश्न पूछे जायेंगे. जिनमें आवास की स्थिति, पेयजल, शौचालय, बिजली, इंटरनेट सुविधा, रसोई ईंधन, परिवार की जानकारी और परिवार द्वारा धारित संपत्तियों से संबंधित विवरण शामिल हैं. उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 1561 प्रगणक और पर्यवेक्षक इस कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किये गये हैं. लगभग 650 से 800 की जनसंख्या अथवा 150 से 180 परिवारों पर एक मकान सूचीकरण ब्लॉक बनाया गया है. जिले में कुल 1201 मकान सूचीकरण ब्लॉक चिह्नित किये गये हैं. उपायुक्त ने बताया कि जनगणना को लेकर प्रगणक और पर्यवेक्षक को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. उन्होंने सभी जिलेवासियों से स्व गणना में सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की. कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रांति अथवा अफवाहों पर ध्यान नहीं दें. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, अपर समाहर्ता परमेश्वर मुंडा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे.
एक मई से शुरू होगी स्व-गणना
जिलेवासी स्व गणना में सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग क
रें