महिला ने पति के साथ मिल कर चचेरे देवर की चाय में जहर देकर हत्या की

एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर चचेरे देवर की जहर देकर हत्या कर दी.

तमाड़. थाना क्षेत्र के लोधमा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर चचेरे देवर की जहर देकर हत्या कर दी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है. बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक शंकर नायक के माता-पिता की करीब एक वर्ष पहले मृत्यु हो गयी थी. इसके बाद वह घर में अकेला रहता था. उसकी चचेरी भाभी गीता देवी ही उसके खाने-पीने और घर के कामकाज का ध्यान रखती थी. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. कुछ समय बाद शंकर नायक ने शादी कर अपना अलग परिवार बसाने की तैयारी शुरू कर दी और लड़की देखने जाने लगा. यह बात गीता देवी को पसंद नहीं थी. वह नहीं चाहती थी कि शंकर नायक शादी कर उससे दूर हो जाये. इसी बात से नाराज होकर गीता देवी ने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिल कर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.

शक से बचने के लिए पति को भी दी चाय

पुलिस जांच में सामने आया कि छह फरवरी को योजना के तहत शंकर नायक को चाय में कीटनाशक दवा मिला कर पिला दिया गया. लोगों को भ्रमित करने और शक से बचने के लिए वही चाय आरोपी महिला ने अपने पति को भी दी. लेकिन पहले ही उसे चाय नहीं पीने की हिदायत दे दी गयी थी. बाद में बलदेव मछुवा ने तबीयत खराब होने का नाटक किया और इलाज के लिए बुंडू अस्पताल पहुंचा. ताकि किसी को संदेह न हो. चाय पीने के बाद शंकर नायक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसके मुंह से झाग निकलने लगा. गंभीर हालत में मृतक के भाई सुकरा नायक उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले गये. जहां इलाज के दौरान उसी ��िन उसकी मौत हो गयी. इसके बाद एमजीएम अस्पताल में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद सात फरवरी को शव गांव लाया गया. मामले को संदिग्ध मानते हुए मृतक के भाई सुकरा नायक ने नौ फरवरी को तमाड़ थाना में आवेदन दिया. आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना कांड संख्या 11/2026 के तहत धारा 103(1), 123 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी और पुलिस टीम ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गयी थी. पुलिस ने आरोपी गीता देवी (35) और उसके पति बलदेव मछुवा (38), दोनों निवासी लोधमा, थाना तमाड़, जिला रांची को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shubham haldar

शुभम हल्दार प्रभात खबर में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 16 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वे जनहित, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, प्रशासनिक व्यवस्था तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता से उनका जुड़ाव केवल पेशेवर नहीं, बल्कि पारिवारिक विरासत का भी हिस्सा है। उनके पिता श्री असीम कुमार हल्दार वर्ष 1984 से प्रभात खबर के सर्कुलेशन विभाग से जुड़े हुए हैं, जिसके कारण समाचार जगत और पत्रकारिता के मूल्यों से उनका रिश्ता पीढ़ियों से कायम है।

शुभम हल्दार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की अनसुनी आवाज़, विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और जनहित की खबरों को प्रमुखता के साथ पाठकों तक पहुँचाना है। उनका मानना है कि सशक्त पत्रकारिता केवल समाचारों का प्रसारण नहीं, बल्कि समाज और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही का मजबूत सेतु है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >