कर्रा : खूंटी जिला के कर्रा थाना क्षेत्र के लतरातू डैम के विरदा नहर का जीर्णोद्धार कार्य कर रही अवंतिका कंस्ट्रक्शन के गाड़ियों के पीएलएफआइ द्वारा फूंके जाने की घटना के बाद गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया.
आइजी आशीष बत्रा, आइजी अभियान आरके धान, डीआइजी आनंद अमूल होमकर, एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा, डीएसपी तोरपा मनीष कुमार, इंसपेक्टर सरोज कुमार सिंह, थाना प्रभारी उदय गुप्ता घटना स्थल पहुंच कर घटना का मुआयना किये. उग्रवादियों ने बुधवार की शाम एक जेसीबी मशीन, दो मोटरसाइकिल, एक बड़ा डीजे जेनेरेटर, दो ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया था. उग्रवादियों की धर-पकड़ के लिए अधिकारियों ने कर्रा पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है.
लेवी व धमकी पूर्व में किसी ने नहीं दी : अवंतिका कंस्ट्रक्शन हैदराबाद के प्रोजेक्ट मैनेजर रवींद्र रेड्डी ने कहा कि मुझसे किसी भी तरह की धमकी या लेवी का मांग किसी ने नहीं की. मैं इस घटना से हतप्रभ हूं.
उग्रवादी शीघ्र सलाखों के पीछे होंगे : एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने कहा कि पीएलएफआइ के एरिया कमांडर मैना गोप ने घटना को अंजाम दिया है. यह पुलिस के लिए बहुत बड़ी चुनौती है. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द उग्रवादी सलाखों के पीछे होंगे.
अवंतिका कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप इंचार्ज प्रकाश राव ने बताया की उग्रवादी गालियां देते हुए कार्यरत कर्मियों से 10 मोबाइल छिन कर सभी को एक कमरे में बंद कर दिया. दरवाजा बंद करते हुए बोला कि अगर कोई बाहर निकला तो उसे जान से मार दिया जायेगा. उग्रवादी गोलियां चलाते हुए वाहनों में आग लगा दी. उसमें एक अपने को एरिया कमांडर कह रहा था. कुछ देर बाद हमलोग बाहर निकलने का प्रयास किये, लेकिन पुन: उग्रवादियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी. इसके बाद कर्रा पुलिस आ गयी और थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता के आश्वासन के बाद सभी कर्मी बाहर निकल सके. घटना की सूचना मिलने पर 25 मिनट बाद कर्रा पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर मोरचा संभाल लिया.
उग्रवादियों व पुलिस दोनों ओर से फायरिंग हुई. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. मौके पर सिर्फ एक ट्रैक्टर को बचाया जा सका. जानकारी मिलने पर एसपी खूंटी ने देर रात तक क्षेत्र में सघन छापामारी किये. जानकारी के अनुसार जल संसाधन विभाग के तत्वावधान में लतरातु डैम के नहर का जिर्णोद्धार कार्य अवंतिका कंस्ट्रक्शन हैदराबाद की कंपनी के द्वारा युद्ध स्तर पर विगत एक वर्षों से किया जा रहा है.
