सांसद व विधायक ने संयुक्त रूप से किया पुल का उदघाटन
सुमानडीह व एड़केया गांव के बीच कांची नदी पर बनेगा पुल
बुंडू : पुल को बचाने का जिम्मा ग्रामीणों को लेना होगा. कांची नदी पर पुल के 600 मीटर दूरी आगे व पीछे बालू का उठाव ग्रामीण बंद करें. तब ही पुल की लंबी आयु होगी. उक्त बातें सांसद कड़िया मुंडा ने रविवार को पुल के उदघाटन मौके पर कही.
सांसद व विधायक विकास कुमार मुंडा ने सुमानडीह व एड़केया गांव के बीच में कांची नदी पर बने नवनिर्मित लंबे पुल का उदघाटन संयुक्त रूप से किया. इसके पश्चात ग्रामीणों को संबोधित करतेे हुए सांसद ने कहा कि ग्राम पंचायत के जन प्रतिनिधियों को सक्रिय होना होगा.
नहीं तो नदी किनारे गांवों में जल संकट की गंभीर समस्या आयेगी. सांसद ने शिक्षा पर जोर दिया. कहा कि ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें. हालांकि उन्होंने कहा कि गांव के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की हालत बदतर हो गयी है. श्री मुंडा ने कहा कि शराब बंदी समाज में सुधार के लिए आवश्यक है. जिसमें महिलाएं सक्रिय भूमिका निभायें. विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा कि जनता की मांग पर तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो के प्रयास से तीन वर्ष पूर्व पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ था. जनसहयोग से सुमानडीह जैसे सुदूर गांव में पुल व सड़क का निर्माण होने से जनता का सपना पूरा हुआ है. पुल व सड़क बनने से गांव विकास की ओर अग्रसर होगी. विधायक ने नवनिर्मित लंबी पुल को बचाने के लिए कांची नदी पुल आसपास बालू उठाव को मजबूती से बंद करने की अपील की.
कार्यक्रम में मौजूद लोग : मौके पर कार्यपालक अभियंता प्रेमनाथ राम, सहायक अभियंता सत्यदेव प्रसाद, कनीय अभियंता, थानेदार संचमान तमांग, महेंद्र नाथ शाहदेव, मुनी नाथ मिश्रा, कपिल महतो, दलगोविंद मुंडा, बसंत महतो, योगेश्वर महतो, कलेश्वर मुंडा, विनय कुमार जायसवाल, सुखलाल महतो, गोलक दास अधिकारी, लखीदास, दुबराज, प्रदीप गणेश कुम्हार, सजल कुंडू, बालाजी, मोनू जायसवाल, पंसस प्रदीप महतो, परमेश्वर महतो, चौधरी महतो, काली महतो, बजरंग गौंझू, विपुल नायक, महेश तालेवर व अन्य मौजूद थे.
