विष्णुगढ़ : प्रखंड के अलपीटो बड़ा तालाब का मेड टूट जाने से किसानों को काफी परेशानी हो रही है. यह तालाब लगभग आठ एकड़ चालीस डिसमिल क्षेत्रफल में फैला हुआ है. 2014 में भारी बारिश के कारण तालाब का मेड टूट गया था. इससे 10-15 एकड़ किसानों की जमीन गड्ढे में तब्दील हो गयी थी. 2014 से पूर्व तक क्षेत्र के किसान इस तालाब से सिंचाई कर गेहूं की फसल उपजाते थे. इसके बाद यहां गेहूं की खेती नहीं हो पा रही है.
ग्रामीणों के अनुसार तालाब में मछली पालन होता था. मछली के पैसे से गांव में विकास का काम होता था. फिलहाल यह तालाब सूखा पड़ा है. तालाब में पानी रहने से न सिर्फ फसल होती थी, बल्कि पशुओं को भी पीने के लिए पानी मिलता था.
इस संबंध में माले के प्रखंड सचिव जानकी शर्मा ने बताया कि तालाब की स्थिति से मौखिक रूप से पूर्व उपायुक्त एवं बागोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह को अवगत कराया गया है. श्री शर्मा ने बताया कि इस तालाब का गहरीकरण, मेड़ का सुंदरीकरण, स्नान घाट एवं पानी की निकासी के साथ में छोटा नहर का निर्माण कराया जाये. इससे किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी एवं कई एकड़ जमीन की सिंचाई होगी.
