पीएलएफआइ ने बुलाया था बंद
खूंटी : जिले में गुरुवार को बंद का व्यापक असर रहा. क्षेत्र की सभी दुकानें बंद रही. खूंटी से रांची, सिमडेगा, चक्रधरपुर व अन्य कई जगहों के लिए यात्री बसें नहीं चलीं. इससे लोगों को काफी परेशानियाें का सामना करना पड़ा. लंबी दूरी की बसों के नहीं चलने से लोग गंतव्य को रवाना नहीं हो सके.
कई लोगों को चक्रधरपुर से ट्रेन से यात्रा करनी थी, लेकिन वे नहीं जा पाये. खूंटी से रांची, मुरहू, तोरपा के लिए यात्रियों ने छोटे वाहनों का सहारा लिया. खूंटी-तमाड़ पथ सहित खूंटी के कचहरी परिसर में सन्नाटा रहा. सुरक्षा के बाबत पुलिस की क्षेत्र में सघन गश्त पूरे दिन जारी थी. एसडीपीओ रणवीर सिंह, थानेदार केके पंडा क्षेत्र में स्वयं सदल-बल गश्त करते दिखे. निकटवर्ती प्रखंडों में भी बंद का व्यापक असर रहा.
