अड़की व तोरपा अंचल में 30 सितंबर तक ऑनलाइन सेवा शुरू हो जायेगी
लोग प्रज्ञा केंद्र या फिर संबंधित साइट पर जाकर भूमि का लगान, जमाबंदी करा सकते हैं
खूंटी : अब लोगों को अपनी जमीन का दाखिल खारीज (म्यूटेशन) व लगान कार्यों के लिए अधिकारी या कर्मचारी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. जिला के कर्रा, मुरहू, खूंटी व रनिया अंचल में सोमवार से ऑनलाइन लगान रसीद काटने का काम शुरू कर दिया गया. इसका उदघाटन जिला अपर समाहर्ता रंजीत लाल ने विधिवत रूप से किया.
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कार्य होने से जनता को परेशानी से मुक्ति मिलेगी. लोग प्रज्ञा केंद्र या फिर संबंधित साइट पर जाकर भूमि का लगान, जमाबंदी करा सकते हैं. वही प्लॉट की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि कोई भी रैयत ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से नेट कैफे या प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से लगान रसीद कटवा सकते हैं. उक्त चारों अंचल का टैग निबंधन कार्यालय से किया गया है. अब भूमि का निबंधन होते ही दस्तावेज की एक प्रति संबंधित अंचलाधिकारी के लौगिन में चला जायेगा. संबंधित सीओ स्वत: संज्ञान लेकर नामांतरण की प्रक्रिया आरंभ कर देंगे.
बताया गया कि अड़की व तोरपा अंचल में 30 सितंबर तक ऑनलाइन उक्त सेवा शुरू हो जायेगी. अपर समाहर्ता ने बताया कि खूंटी जिले के कुल 768 राजस्व गांवों के 78781 खातों का डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है. उदघाटन के मौके पर एसडीओ नीरजा कुमारी, सीओ रश्मि लकड़ा व अल्स अधिकारी मौजूद थे.
