डीसी व एसपी ने सुनीं फटका गांव के लोगों की समस्याएं
15 किमी बाइक चला कर फटका गये डीसी व एसपी
हर घर में शौचालय निर्माण कर गांव को स्वच्छ बनायें
तोरपा : डीसी चंद्रशेखर व एसपी अनीस गुप्ता सोमवार को तोरपा प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव फटका पहुंचे. यहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याअों का सुना तथा उसके निराकरण करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया.
डीसी ने ग्रामीणों को शौचालय की अनिवार्यता बताते हुए कहा कि हर घर में शौचालय का निर्माण कर पूरे पंचायत को खुले में शौच से मुक्त कर स्वच्छ व स्वस्थ्य गांव का निर्माण करें. खुले में शौच करने से गंदगी फैलती है, जिससे लोगों को कई प्रकार की बीमारियां होती है. कहा कि जो लाभुक स्वयं शौचालय का निर्माण करेंगे, उन्हें एकमुश्त 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि चेक के माध्यम से दी जायेगी. जो लाभुक स्वयं शौचालय नहीं बना सकते, वे ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति या वैसे महिला स्वयं सहायता समूह जिसकी ग्रेडिंग हो गयी है, के माध्यम से शौचालय का निर्माण करा सकते हैं.
ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
ग्रामीणों ने डीसी के समक्ष खुल कर अपनी समस्याओं का रखा. डीसी ने उन समस्याओं के निराकरण का आश्वासन ग्रामीणों को दिया. ग्रामीणों ने कहा कि जल सहिया जुलिया पूर्ति गांव में नहीं रहती हैं, न ही यहां आती हैं. डीसी ने उस जल सहिया को हटाने का निर्देश दिया तथा ग्रामीणों से कहा कि ग्राम सभा की बैठक कर दूसरी जल सहिया का चयन करें.गांव में पेयजल की सुविधा नहीं है. अधिकांश चापाकल खराब है. जो चल रहे हैं उनमें गंदा पानी निकलता है.
इस सबंध में डीसी ने मौके पर उपस्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को सभी चापाकल की मरम्मती कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को कहा. गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है लोगोंं का नीजी चिकित्सकों के पास जाना पड़ता है. डीसी ने कहा गांव में ही स्वास्थ्य उपकेंद्र खुले, इसके लिए विभाग से पत्राचार करेंगे. गांव के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिले इसके लिए प्रयास करेंगे. इंदिरा आवास, सड़क, कुआं आदि कार्यों में श्रमिकों व लाभुकों को राशि का भुगतान नहीं हाेने की शिकायत पर डीसी ने बीडीओ प्रभाकर ओझा कोमामले की जांच कर तुरंत भुगतान कराने का निर्देश दिया. फटका गांव के लोगों को राशन के लिए गांव से दूर कालेट गांव जाना पड़ता है.
इस पर डीसी ने मौके पर उपस्थित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रेमचंद राम को गांव में राशन का वितरण कराने को कहा. वृद्धा पेंशन, आधार कार्ड नहीं बनने की शिकायत पर डीसी ने अगले सोमवार को कैंप लगा कर आधार कार्ड बनाने तथा पेंशन के लिए लाभुकों का फॉर्म भरने को कहा. ग्रामीणों ने मांग की कि पेरवांघाघ जलप्रपात का सौंदर्यीकरण किया जाये. डीसी ने कहा कि जलप्रपात बहुत ही अच्छा स्पॉट है. इसके सौंदर्यीकरण के लिए रिपोर्ट बना कर सरकार को भेजा जायेगा तथा इसे विकसित किया जायेगा.
