लावालौंग. कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का नौवां स्थापना दिवस मंगलवार को समारोह आयोजित कर मनाया गया. मुख्य अतिथि जिप अध्यक्ष ममता देवी उपस्थित थी. अतिथियों का स्वागत विद्यालय की संचालिका सोनम कुमारी ने किया. मौके पर काफी संख्या में बच्चे व अभिभावक उपस्थित थे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिप अध्यक्ष ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय अभिवंचित वर्ग व अनाथ बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है. यहां विद्यालय छोड़ चुके बच्चियों का नामांकन किया जाता है. इसके बाद बच्चियां उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर हो जाती है. बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का सपना साकार हो रहा है.
उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से बेटा, बेटी का भेदभाव भुला कर एक सामान शिक्षा देने की बात कही. उन्होंने खासकर बच्चियों को स्कूल भेजने, आगे की शिक्षा सही ढंग से देने को कहा. उन्होंने कस्तूरबा में पढ़ रही बच्चियों को कड़ी मेहनत कर पढ़ाई कर ऊंची मुकाम हासिल करने की बात कही. उन्होंने कहा कि लावालौंग व कुंदा में कस्तूरबा विद्यालय का एक साथ टेंडर हुआ. लावालौंग में समय से पूर्व भवन बनकर तैयार हुआ और यहां बच्चियां एक साल से रह रही है. विद्यालय के अध्यक्ष का सराहनीय योगदान रहा. विद्यालय का संचालन भी सही ढंग से हो रहा है. सीआरपीएफ के एसी अमित पोले ने भी बच्चियों को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर मां-बाप व क्षेत्र का नाम रोशन करने की बात कही.
कार्यक्रम को पंसस गोविंद ठाकुर, उपेंद्र सिंह, उगन साहू समेत कई लोगों ने संबोधित किया. धन्यवाद ज्ञापन शंकर साहू व संचालन अशोक पासवान ने किया. वार्डन सोनम कुमारी ने विद्यालय की उपलब्धि बतायी. मौके पर दिलीप प्रधान, नूतन रोज तिर्की, संगीता सिन्हा, गायत्री कुमारी, अशोक राम, बिनोद कुमार समेत कई उपस्थित थे.
रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन: विद्यालय के बच्चियों ने एक से बढ़ कर एक गीत, संगीत व नृत्य प्रस्तुत किया.
उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. छोटे-छोटे बच्चियों ने भी कला प्रस्तुत कर लोगों का खूब मनोरंजन किया. मुख्य अतिथि व उपस्थित लोगों ने बच्चियों की तारीफ की. नागपुरी व भक्ति गीत प्रस्तुत किया गया.
