खलारी : खलारी थाना क्षेत्र के धमधमिया में पिछले दिनों दुखन गंझू व आफताब अंसारी हत्याकांड के एक आरोपी संतोष गंझू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. संतोष गंझू को धमधमिया से ही शनिवार को गिरफ्तार किया गया है. विगत 21 जून को धमधमिया में सरेशाम दो युवकों दुखन गंझू व आफताब अंसारी की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. इंस्पेक्टर सह खलारी थाना प्रभारी राजदेव प्रसाद ने बताया कि संतोष ने हत्या करने की बात स्वीकारी है.
इसके अलावे जिन अन्य पांच लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप है उनमें टीपीसी का जोनल कमांडर सागर गंझू, रोहन गंझू, नीरज गंझू, शंकर गंझू व मनीष महतो शामिल हैं. डीएसपी प्रमोद कुमार केशरी ने बताया कि संतोष टीपीसी का सक्रिय सदस्य है. टीपीसी के लिए लेवी वसूलने और सूचनाएं देने का काम करता था. हत्या से पूर्व दुखन के अपहरण में भी इसकी संलिप्तता थी. संतोष गंझू, सागर गंझू का रिश्तेदार भी है. पुलिस को कई गुप्त सूचनाएं मिली है, जल्द ही अन्य आरोपी भी गिरफ्तार कर जेल भेजे जायेंगे.
