तोरपा : चंद्रयान-2 के अभियान में शामिल वैज्ञानिकों में झारखंड के तोरपा (खूंटी) के तपकारा गांव का सोहन कुमार यादव भी है. फोन पर हुई बातचीत में उसने कहा कि मिशन का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है. सोहन ने जुलाई 2016 में इसरो में योगदान दिया था. वे लिक्विड प्रोपल्सन सिस्टम सेंटर बेंगलुरु में कार्यरत हैं.
सोहन के पिता शिवशंकर यादव ट्रक ड्राइवर हैं तथा मां देवकी देवी गृहिणी हैं. सोहन की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर तपकारा में हुई. नवोदय विद्यालय से मैट्रिक करने के बाद डीएवी बरियातू से इंटर किया. इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी, तिरूवनंतपुरम से उन्होंने एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की. यहीं से उसका चयन इसरो के लिए हुआ.
बेटा देश का नाम ऊंचा करे : देवकी देवी
चंद्रयान-2 के अभियान में बेटे सोहन के शामिल होने पर मां देवकी देवी व उसकी बहन धीरा खुशी से फूले नहीं समा रही हैं. वे कहती हैं, सोहन पर हम सबको नाज है. वह सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचे तथा अपने जिले व देश का नाम रोशन करे. देवकी देवी बताती हैं कि सोहन पूर्व राष्ट्रपति स्व अब्दुल कलाम आजाद को अपना आदर्श मानता है.
