खलारी : रांची एसडीओ गरिमा सिंह रविवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार में केडी ओल्ड साइडिंग से संबंधित लोक हितवाद के सदंर्भ में अधिकारियों, प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधि व सीसीएल अधिकारियों के साथ बैठक की. इसमें उन्होंने सीसीएल अधिकारियों को केडी ओल्ड साइडिंग में काम शुरू करने से पूर्व प्रदूषण रोकने से संबंधित जितने भी मापदंड हैं उन्हें पूरा करने का निर्देश दिया.
उन्होंने सीसीएल प्रबंधन को केडी ओल्ड साइडिंग में प्रदूषण को दूर करने की सभी कार्रवाई 20 दिनों के अंदर करने तथा इसकी रिपोर्ट उन्हें जमा करने को कहा. कहा कि साइडिंग में अगर कोल डस्ट प्रदूषण को रोकने को लेकर कार्य नहीं किया गया, तो उचित कार्रवाई होगी. वहीं उन्होंने कोयला खदान तथा कोयला ढुलाई से हो रहे प्रदूषण को भी हर हाल में रोकने का निर्देश दिया.
उन्होंने कोयला ढुलाई तिरपाल से ढक कर करने को कहा. इसके अलावा गरिमा सिंह ने खलारी सीओ को स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों तथा सीसीएल अधिकारियों के साथ प्रत्येक माह बैठक करने का भी निर्देश दिया. बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में प्रदूषण, रोजगार, तथा खदानों के कारण क्षेत्र में गिरते जलस्तर, खदानों में लगी आग से आमजन को खतरा सहित अन्य मामले उठाये. वहीं चूरी मध्य पंचायत के मोहननगर में पानी की समस्या तथा हेसालौंग, मायापुर और चूरी मौजा में केडी ओल्ड साइडिंग में जमीन के बदले मुआवजा और नौकरी नहीं मिलने का मामला ग्रामीणोंं ने उठाया.
बैठक में शामिल लोग
बैठक में डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार सिंह, वनक्षेत्र पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड प्रमुख सोनी तिग्गा, सीओ रविकिशोर राम, जिप सदस्य रतिया गंझू, जिप सदस्य अब्दुल्ला अंसारी, विधायक प्रतिनिधि रमेश विश्वकर्मा, 20 सूत्री अध्यक्ष भरत रजक, वनपाल अमर कुमार पासवान, एरिया सेल्स मैनेजर एनके उमाशंकर सिंह, डकरा पीओ यूसी गुप्ता, अशोक परियोजना पदाधिकारी उमेश कुमार विद्यार्थी, केडी ओल्ड साइडिंग मैनेजर बीबी सिंह, मुखिया सोमरी राम, मानसी देवी, वीणा देवी, अरविंद सिंह, शशि उरांव, रवींद्र पासवान, विजय कुमार, अजय साव, मिथिलेश पासवान, दिलीप पासवान, प्रदीप सिंह, ओमप्रकाश शर्मा आदि उपस्थित थे.
