झारखंड : ओवरटेक करने में बस से टकरायी कार, महिला व 2 बच्ची की मौत, 4 घायल, इधर बानो में भी तीन मरे

खूंटी : खूंटी के कालामाटी के समीप बुधवार को आल्टो कार व बस में हुई सीधी टक्कर में पत्रकार राजेंद्र प्रसाद की पुत्री पूनम प्रिया उर्फ गुड़िया (30, चार साल की नातिन मिस्टी और तीन वर्ष की पोती मिट्ठी की मौत हो गयी. राजेंद्र प्रसाद को गंभीर अवस्था में मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया […]

खूंटी : खूंटी के कालामाटी के समीप बुधवार को आल्टो कार व बस में हुई सीधी टक्कर में पत्रकार राजेंद्र प्रसाद की पुत्री पूनम प्रिया उर्फ गुड़िया (30, चार साल की नातिन मिस्टी और तीन वर्ष की पोती मिट्ठी की मौत हो गयी. राजेंद्र प्रसाद को गंभीर अवस्था में मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राजेंद्र प्रसाद की पुत्री पूनम प्रिया गर्भवती थी. राजेंद्र प्रसाद की बहू शिखा गुप्ता, पुत्र टिंकू व चालक इरफान को मामूली चोटें आयी हैं.
ओवरटेक करने के क्रम में हुआ हादसा : जानकारी के अनुसार, राजेंद्र प्रसाद कार से पूनम का इलाज कराने रांची जा रहे थे. कालामाटी के समीप ट्रक को ओवरटेक करने के क्रम में कार सामने से आ रही बस से टकरा गयी.
घटना में दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, राजेंद्र प्रसाद, पूनम, शिखा गुप्ता, टिंकू और चालक इरफान घायल हो गये. सूचना मिलने के बाद जोड़ा पुल स्थित 209 कोबरा बटालियन की टीम एंबुलेंस(आपातकालीन सेवा) के साथ घटनास्थल पर पहुंची. उन्होंने सभी घायलों को रांची के मेडिका अस्पताल पहुंचाया. इलाज के लिए मेडिका लाने के क्रम में पूनम की मौत हो गयी. पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है. घटना पर ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, कोचे मुंडा, काशीनाथ महतो सहित अन्य नेताआें ने शोक जताया है.
बानो : गाड़ी पेड़ से टकरायी, तीन मरे
बानो : बानो थाना क्षेत्र के बांकी पंचायत स्थित तिलिगबेड़ा मोड़ के समीप सवारी गाड़ी पेड़ से टकरा कर गड्ढे में जा गिरी. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी. जबकि 10 लोग घायल हो गये. मृतकों में गजैना साहू, एतवारी देवी और ढाई साल का बच्चा बिपिन पाइक शामिल है.
घटना बुधवार को दोपहर करीब 1.30 बजे घटी. बानो से बैंक का काम कर सवारी गाड़ी (मैक्सिमा) से 15 लोग हुरदा जा रहे थे. इसी क्रम में तिलिगबेड़ा के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पेड़ से टकरा गयी. हुरदा निवासी गजैना साहू की घटनास्थल पर मौत हो गयी, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. गजैना का शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गया था. पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव गाड़ी से निकाला गया. वहीं दूसरी ओर घायल लोगों को बानो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >