खूंटी : पुलिस ने बुधवार को चालम गांव के विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर कुल 15 एकड़ भूमि पर लगे प्रतिबंधित पोस्ते की खेती को नष्ट किया. एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा को उक्त गांव के जंगली क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा प्रतिबंधित पोस्ते की खेती करने की सूचना मिली थी.
उनके निर्देश पर मुरहू थानेदार अरुण कुमार दुबे, सअनि विनय कुमार सिंह ने जिला बल व जैप के सशस्त्र बलों के साथ चालम गांव में छापेमारी की. अवैध पोस्ते की खेती की पुष्टि होते ही पुलिस ने उसे नष्ट कर दिया. एसडीपीओ रणवीर सिंह ने बताया कि पुलिस का उक्त अभियान लगातार जारी रहेगा. पोस्ते की अवैध खेती करनेवालों के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज करेगी.
तमाड़. पुलिस ने बुधवार को अभियान चला कर तमाड़ के कुरचूडीह गांव में लगभग 15 एकड़ जमीन में लगे पोस्ते की फसल को नष्ट की. थाना प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुरचूडीह तथा आसपास गांवों में भारी मात्रा में पोस्ते की खेती की गयी है.
इसी सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने ट्रैक्टर से पोस्ते की फसल को नष्ट कराया. उन्होंने प्रखंड के किसानों को पोस्ते की खेती नष्ट करने की अपील की, अन्यथा प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की चेतावनी दी.
