खूंटी : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का राज्यस्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन सात फरवरी को एसडीए हाई स्कूल में उद्घाटन किया जायेगा. मुख्य अतिथि स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी अभियान की शुरूआत करेंगे.
उक्त जानकारी डीसी डॉ मनीष रंजन ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी. उन्होंने आठ फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाने की बात कही. इस अवसर पर 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलायी जायेगी.
जिले में दो लाख 21 हजार 789 बच्चों को गोली खिलाने का लक्ष्य है. इसमें एक से पांच वर्ष तक के 56735 और छह से 19 वर्ष तक के 165054 बच्चे शामिल हैं. जो बच्चे छुट जायेंगे उन्हें 15 फरवरी को मॉप डे के दिन गोली खिलाई जायेगी.
डीसी ने बताया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी और निजी स्कूलों में बच्चों को गोली दी जायेगी. जो बच्चे इसमें शामिल नहीं हो पायेंगे उन्हें सहियाओं के माध्यम से गोली दी जायेगी. इस कार्य में 233 एएनएम, 835 आंगनबाड़ी सेविका, 805 सहिया, 1038 सरकारी स्कूल और 96 निजी स्कूल शामिल रहेंगे. सभी एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका, शिक्षक-शिक्षिका और सहियाओं को प्रशिक्षण दिया गया है.
कहा कि विश्व के 150 करोड़ लोग कृमि से प्रभावित हैं. भारत में मिट्टीजनित कृमि का प्रभाव है. ये सामान्यत: लोगों के आंत में रहता है. जो हमारे खाने को खा जाता है. जिसके कारण पौष्टिक भोजन के बावजूद बच्चे कुपोषण का शिकार होते हैं. इसके अलावा कई अन्य दुष्प्रभाव भी होते हैं.
उन्होंने लोगों को स्वच्छता पर ध्यान देने और शौचालय का उपयोग करने की अपील की. मौके पर एसी रंजीत कुमार लाल, सिविल सर्जन डॉ विनोद उरांव, डीएस डॉ रामरेखा प्रसाद, डीपीएम कानन बाला तिर्की, डॉ प्रभात कुमार, प्रीति चौधरी, सरवर आलम, संतोष कुमार सहित अन्य उपस्थित थे.
