JPSC-JSSC scam: हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में आज होगी सुनवाई, 22 परीक्षाओं के रद्द करने पर भी नजर

झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए 24 अगस्त का दिन बेहद अहम है. आज झारखंड हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े दो बड़े मामलों पर सुनवाई होगी.

JPSC-JSSC scam: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए 24 अगस्त, सोमवार का दिन बेहद अहम है. भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच आज झारखंड हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में दो अहम याचिकाओं पर सुनवाई होगी. एक तरफ हाईकोर्ट में राज्य सरकार की ओर से 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द, छह को स्थगित और 17 परीक्षाओं को जांच के दायरे में रखने के फैसले को चुनौती दी गयी है, तो दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट में 14वीं JPSC PT-2025 और JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितता की CBI जांच की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई होगी.

इन दोनों मामलों पर हजारों अभ्यर्थियों की नजर है, क्योंकि अदालत के फैसले से भर्ती परीक्षाओं के भविष्य और नियुक्ति प्रक्रिया पर सीधा असर पड़ सकता है.

हाईकोर्ट में सरकार के 18 अगस्त के फैसले को चुनौती

झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की एकल पीठ सोमवार को राज्य सरकार की ओर से 18 अगस्त को जारी अधिसूचना को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगी.

इस अधिसूचना के तहत सरकार ने 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द, छह परीक्षाएं स्थगित और 17 परीक्षाओं को जांच के दायरे में रखने का फैसला लिया है.

अभ्यर्थियों की ओर से इन फैसलों को चुनौती देते हुए कहा गया है कि कई भर्ती परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी. ऐसे में पूरी प्रक्रिया रद्द करने से उन अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होगा, जिन्होंने वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा और चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरण पूरे किये हैं.

अभ्यर्थियों के आग्रह पर ही हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए 24 अगस्त की तारीख तय की थी. अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि अदालत सरकार के फैसले पर क्या रुख अपनाती है.

यह भी पढ़ें : झारखंड को हर साल 14 हजार करोड़ का नुकसान? नए खनन कानून पर वित्त मंत्री का बड़ा दावा

सुप्रीम कोर्ट में JPSC घोटाले की CBI जांच पर सुनवाई

दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट में भी सोमवार को झारखंड की भर्ती परीक्षाओं से जुड़ा अहम मामला सामने आयेगा. चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ 14वीं JPSC PT-2025 और JSSC CGL परीक्षा में कथित धांधली से संबंधित जनहित याचिका पर सुनवाई करेगी.

यह याचिका हरिशरण देवगन की ओर से अधिवक्ता सत्यम सिंह राजपूत के माध्यम से दाखिल की गयी है.

याचिका में आरोप लगाया गया है कि परीक्षा के संचालन और मूल्यांकन की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं. याचिकाकर्ता ने संबंधित परीक्षा प्रक्रिया को रद्द कर नये सिरे से निष्पक्ष परीक्षा कराने और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की है.

एक ही दिन दो अदालतों में अहम सुनवाई

झारखंड की भर्ती परीक्षाओं को लेकर पिछले कुछ समय से छात्रों का आंदोलन, सरकार के फैसले और जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार चर्चा में रही है. अब 24 अगस्त को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से इस पूरे विवाद को लेकर कानूनी तस्वीर कुछ और साफ हो सकती है.

हाईकोर्ट में जहां 22 परीक्षाओं को रद्द करने समेत सरकार की अधिसूचना को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई होगी, वहीं सुप्रीम कोर्ट में JPSC 14वीं PT और JSSC CGL की कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग पर सुनवाई होगी.

यही वजह है कि सोमवार का दिन झारखंड के उन लाखों अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिनका भविष्य इन भर्ती परीक्षाओं और उनसे जुड़ी न्यायिक प्रक्रिया से प्रभावित हो सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

शुभम राय झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ झारखंड की राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं पर खबरें लिखने में रुचि रखते हैं. तथ्यों की पड़ताल और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को सरल और प्रभावी तरीके से सामने रखना उनकी पत्रकारिता की प्राथमिकता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >