JPSC JSSC Reform Students Harassment Case Ranchi : जेपीएससी-जेएसएसी रिफॉर्म मंच से जुड़ी एक छात्रा ने कथित छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए झामुमो के रांची जिला संयोजक मुश्ताक समेत आठ के खिलाफ कोतवाली थाना में केस दर्ज कराया है. आरोपियों में झामुमो नेता नवीन चंचल, उत्तम यादव, शाहबाज मल्लिक, आशुतोष वर्मा उर्फ सोनू वर्मा, अंकिता वर्मा, डॉ हेमलाल कुमार मेहता व अश्वनी शर्मा शामिल हैं. इसके अलावा 40 अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया है.
पुतला छीनकर मारपीट व छेड़खानी का आरोप
छात्रा का आरोप है कि 21 अगस्त को बापू वाटिका से फिरायालाल चौक जाने के दौरान आरोपियों ने उसका पुतला छीना और उसके साथ मारपीट व छेड़खानी की. सार्वजनिक रूप से अपमानित किया. प्राथमिकी दर्ज कराने के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद दीपक प्रकाश और पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी भी कोतवाली थाना पहुंचे. छात्रा ने कहा कि वह लगातार पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह कर रही थी, लेकिन केस दर्ज नहीं हो रहा था.
ये भी पढ़ें: बिहार की सिपाही भर्ती में जो गया था जेल, उसे CGL परीक्षा की मिली जिम्मेवारी
मजिस्ट्रेट के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो 25 को घेराव
इधर, थाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, तभी झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की. मरांडी ने कहा कि जिस कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट की तैनाती थी, उसी दौरान घटना हुई संबंधित लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, सरकार इसका जवाब दे. बाबूलाल मरांडी ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता 25 अगस्त को संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय का घेराव करेंगे.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, केंद्र और झारखंड सरकार को नोटिस
