JPSC-JSSC Protest: JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में धांधली पर छात्रों का आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलनकारी छात्रों ने शनिवार को स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा. 15 अगस्त की देर रात आंदोलनकारी छात्र आगे की रणनीति तय करेंगे. आंदोलनकारी छात्र नेताओं ने कहा है कि वे रात 9 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगे की रणनीति की जानकारी देंगे.
छात्र नेताओं के अनुसार, तिरंगा यात्रा के बाद अब आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा होगी. फिलहाल छात्रों की ओर से विधानसभा या मुख्यमंत्री आवास की ओर दोबारा जाने की कोई योजना नहीं है. हालांकि, 16 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय रात 9 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में लिया जाएगा.
सरकार के ऐलान से छात्र संतुष्ट, लेकिन आंदोलन रहेगा जारी
छात्र नेताओं ने कहा कि 14वीं JPSC और बैकलॉग परीक्षाओं को लेकर सरकार की ओर से किये गये ऐलान से छात्र संतुष्ट हैं. इसके बावजूद आंदोलन जारी रहेगा, क्योंकि उनकी सभी मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं.
छात्रों का कहना है कि सरकार यदि उनकी सभी मांगों को पूरा कर देती है और उन्हें इसका लिखित आश्वासन देती है, तो आंदोलन समाप्त कर दिया जाएगा. फिलहाल सरकार के साथ अगली बातचीत की तारीख को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आयी है.
अस्पताल में भर्ती देवेंद्र नाथ महतो बोले- छात्रों के बीच लौटना चाहता हूं
JPSC-JSSC आंदोलन से जुड़े छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. बातचीत में उन्होंने कहा कि वह ठीक हैं और जल्द छात्रों के बीच आंदोलन में लौटना चाहते हैं. उनके अनुसार, वह वापस आंदोलन में जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अस्पताल से जाने नहीं दिया जा रहा है.
देवेंद्र नाथ महतो की स्थिति और आंदोलन में उनकी अगली भूमिका को लेकर भी छात्रों की नजरें आज रात होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं.
तिरंगा यात्रा के बाद बढ़ी अगले कदम को लेकर उत्सुकता
स्वतंत्रता दिवस पर छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकाली थी. इसके बाद अब आंदोलन की अगली रणनीति को लेकर छात्रों और समर्थकों की नजर आज रात 9 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर है. इसी दौरान 16 अगस्त को धरना किस रूप में जारी रहेगा और आगे का कार्यक्रम क्या होगा, इसकी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
