JPSC Forest Range Officer Exam: जेपीएससी से ली गई फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े के कई अहम साक्ष्य सीआईडी की जांच में सामने आए हैं. परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी टीडीपीएल के कर्मियों और जेपीएससी में सफल रहे रक्षक सिंह के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच में परीक्षा से जुड़ी कई गंभीर गड़बड़ियों के सबूत मिले हैं. जांच में सामने आया है कि प्रारंभिक परीक्षा में ओएमआर शीट भरने से लेकर मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिका तैयार करने तक फर्जीवाड़ा किया गया. इतना ही नहीं, इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी बनाया गया.
रक्षक सिंह के मोबाइल से खुला फर्जीवाड़े का राज
सीआईडी ने जब टीडीपीएल के ठिकानों पर छापा मारा, तो रक्षक सिंह का मोबाइल फोन भी मिला. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में फोन की जांच के दौरान उसमें दर्ज रिकॉर्ड सामने आए. इनमें सर्वर से मेल खाते 31 उत्तर, दफ्तर में ओएमआर शीट भरने का वीडियो, स्ट्रांग रूम में परीक्षा सामग्री निकालने से जुड़े फुटेज और कॉल डिटेल्स शामिल हैं. कॉल डिटेल्स की जांच में तीन अन्य सफल अभ्यर्थियों के साथ रक्षक सिंह की लगातार बातचीत के तथ्य भी सामने आए हैं. सीआईडी जांच में इन सभी तथ्यों को फर्जीवाड़े से जोड़कर देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें- रात में क्रेटा ने युवक को कुचला, सुबह मौत से भड़का आक्रोश, शव रखकर लोगों ने सड़क किया जाम
पहले सिर्फ 31 सवालों के जवाब भरे
जांच के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा के दिन रक्षक सिंह परीक्षा हॉल में बैठा था. उसे केवल उन्हीं सवालों के जवाब ओएमआर शीट में भरने को कहा गया था, जिनके उत्तर उसे आते थे. बाकी ओएमआर शीट को खाली छोड़ने की बात कही गई थी. रक्षक सिंह ने कथित तौर पर ऐसा ही किया और केवल 31 सवालों के जवाब पर निशान लगाया. परीक्षा खत्म होने के बाद उसने अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी रामबीर सिंह को दे दी.
इसके बाद टीडीपीएल के बंद दफ्तर में कोरी ओएमआर शीट रखी गई. जांच में सामने आया है कि प्रदीप सिंह और उसके दो साथियों ने उसमें बाकी उत्तरों के गोले भरे. इस दौरान रक्षक सिंह ने अपने मोबाइल से पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी बनाया.
परीक्षा के बाद ओएमआर शीट में भरे गए बाकी जवाब
प्रारंभिक परीक्षा की प्रक्रिया में कथित फर्जीवाड़े के बाद रक्षक सिंह परीक्षा में सफल हुआ. इसके बाद मुख्य परीक्षा में भी गड़बड़ी किए जाने के साक्ष्य जांच में सामने आए हैं. सीआईडी के अनुसार, मुख्य परीक्षा के दौरान स्ट्रांग रूम से परीक्षा सामग्री बाहर निकाली गई. रक्षक सिंह ने इस पूरी प्रक्रिया का भी अपने मोबाइल से वीडियो बनाया. इसके बाद सत्यपाल सिंह ने रक्षक सिंह के नाम और बारकोड वाली मुख्य परीक्षा की कोरी उत्तरपुस्तिका उसके घर पहुंचाई.
ये भी पढ़ें- टीला इंस्टीट्यूट के B Pharma काउंसेलिंग में शामिल होने का रास्ता साफ, सुप्रीम कोर्ट ने PCI को दिया निर्देश
घर पर AI की मदद से तैयार की मुख्य परीक्षा की कॉपी
जांच में सामने आया है कि रक्षक सिंह ने घर पर मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिका में जवाब लिखे. इसके लिए उसने AI टूल का इस्तेमाल कर सवालों के जवाब निकाले और उन्हें उत्तरपुस्तिका में भरा. इसके बाद उत्तरपुस्तिका को वापस स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया.
लालू यादव के घर से मिली दूसरे अभ्यर्थी की OMR कॉपी
एक अन्य सफल अभ्यर्थी लालू यादव के मामले में भी सीआईडी को गड़बड़ी के साक्ष्य मिले हैं. उसके घर हुई छापेमारी में दूसरे अभ्यर्थी की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी बरामद हुई. जांच के दौरान लालू यादव के घर से 8 लाख रुपए के चेक भी मिले हैं. इसके अलावा उसके यूपीआई से करीब डेढ़ लाख रुपए टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी के खाते में ट्रांसफर किए जाने के सबूत भी मिले हैं.
