सावधान! झारखंड में 11-12 फरवरी को छाई रहेगी बादलों की चादर, सुबह-रात में ठंड का असर

Jharkhand Weather Updates: 11 और 12 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड में सुबह कोहरा, दिन में बादल और रात में ठंड रहेगी. न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है. 13 फरवरी से मौसम साफ और शुष्क होने की संभावना. नीचे पूरी खबर पढ़ें.

Jharkhand Weather Updates: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 फरवरी को राज्य के कई जिलों में सुबह कुहासा और दिन में बादल छाए रहेंगे. हालांकि, दिन के समय मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह और रात की ठंड लोगों को परेशान कर सकती है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है.

सुबह कोहरा, दिन में बादल

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के उत्तरी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में सुबह के समय घना कुहासा देखने को मिल सकता है. 11 और 12 फरवरी की सुबह विजिबिलिटी कम रहेगी, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. दिन के समय आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. 13 फरवरी से मौसम साफ होने लगेगा और धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी.

ठंड बरकरार, धीरे-धीरे बढ़ेगा पारा

राज्य में फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. सोमवार को रांची का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला 6.6 और कांके 6.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहे. मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होगी, जिससे रात की ठंड में थोड़ी कमी आएगी.

शहरवार तापमान: कहां कितना रहा पारा

सोमवार को राज्य के प्रमुख शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया. रांची में अधिकमत तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री रहा, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री, मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री, गुमला में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, लातेहार में अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री, सिमडेगा में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री, लोहरदगा में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री और कोडरमा में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, दिन में गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन सुबह-रात में ठंड का असर बरकरार है.

झारखंड के जिलों में कैसा रहेगा मौसम

पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम 10 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. 11 और 12 फरवरी को इन जिलों में बादल छाए रहेंगे, जबकि 13 फरवरी से मौसम साफ रहेगा. उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में दिन का तापमान 27 से 31 डिग्री तक जा सकता है. यहां न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. सुबह के समय कुहासा इन इलाकों में ज्यादा प्रभावी हो सकता है.

मध्य और दक्षिण झारखंड में कैसा रहेगा ठंड का असर

मध्य झारखंड के बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री और न्यूनतम 8 से 12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. रांची और गुमला जैसे इलाकों में सुबह की ठंड ज्यादा महसूस होगी. दक्षिण झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में दिन का तापमान 28 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 14 डिग्री के आसपास रहेगा. यहां भी 11–12 फरवरी को बादल और सुबह कोहरा छाया रहेगा.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में 22 वर्षों में 9737 करोड़ के खर्च हिसाब गायब, 8000 करोड़ के ऑडिट पर आपत्ति

ठंड और कोहरे से रहें सतर्क

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है. कोहरे के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतने, धीमी गति से चलने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की जरूरत है. 13 फरवरी के बाद मौसम साफ होने से ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तब तक सतर्क रहना जरूरी है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में तापमान के उतार-चढ़ाव से बढ़ी परेशानी, रांची का पारा 10 डिग्री से नीचे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >