झारखंड में बदलने लगा धूप का तेवर, ठंड कर रही त्राहिमाम

Jharkhand Weather Report: झारखंड में फरवरी के बीच धूप के तेवर तेज हो गए हैं और कई जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है. चाईबासा में पारा 33 डिग्री के करीब है, जबकि रांची समेत अन्य जिलों में भी तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान है. अगले पांच दिन गर्म रहेंगे. नीचे पूरी खबर पढ़ें.

Jharkhand Weather Report: झारखंड में अब ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता दिख रहा है और धूप के तेवर तेज होने लगे हैं. वहीं, ठंड अब त्राहिमाम करते हुए जाने की तैयारी में जुट गई है. फरवरी के मध्य में ही कई जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है. दिन में चटक धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड अब भी बनी हुई है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, आने वाले पांच दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत हैं.

चाईबासा सबसे गर्म, 33 डिग्री के करीब पहुंचा पारा

दक्षिणी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले का मुख्यालय चाईबासा सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक है. यही नहीं, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम में भी तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है. लगातार तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है.

जमशेदपुर, बोकारो और डालटनगंज में 30 पार तापमान

जमशेदपुर, बोकारो और डालटनगंज जैसे प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया. बोकारो का तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक रहा, जिससे लोगों को फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी का अनुभव होने लगा है. डालटनगंज और गढ़वा में भी अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री तक पहुंच गया है. पलामू प्रमंडल के जिलों में दिन का तापमान लगातार चढ़ रहा है.

राजधानी रांची में भी बढ़ेगा तापमान

राजधानी रांची में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 26 से 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि यह अन्य जिलों की तुलना में कम है, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो से तीन दिनों में यहां भी तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है. न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी होगी, जिससे सुबह की ठंड कम होती जाएगी.

उत्तर-पूर्वी झारखंड में कैसा रहेगा मौसम

देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. गोड्डा और पाकुड़ में पारा 33 डिग्री तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान 11 से 16 डिग्री के बीच रहेगा. यानी दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिश्रित असर बना रहेगा.

उत्तर-पश्चिमी झारखंड में गर्मी का असर

कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है. गढ़वा और पलामू में अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान है. कोडरमा और लातेहार में यह 28 से 30 डिग्री के बीच रहेगा. न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री तक रह सकता है. इन जिलों में सुबह हल्की ठंड और दोपहर में तेज धूप का असर रहेगा.

मध्य झारखंड में तापमान की रफ्तार

बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 27 से 32 डिग्री के बीच रहेगा. बोकारो में 31 से 32 डिग्री और हजारीबाग में 30 से 31 डिग्री तक पारा जा सकता है. खूंटी और गुमला में भी धीरे-धीरे तापमान चढ़ रहा है. न्यूनतम तापमान 9 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.

दक्षिणी और कोल्हान क्षेत्र में बढ़ती गर्माहट

पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. पश्चिमी सिंहभूम में 34 डिग्री तक पारा पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 11 से 17 डिग्री के बीच रहेगा. इस क्षेत्र में दिन का तापमान सबसे अधिक रहने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें: रांची-लोहरदगा-डालटनगंज के बीच चलेगी शटल ट्रेन, भेजा गया प्रस्ताव

बारिश की संभावना नहीं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जारी रहेगी. अगले पांच दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में दो से तीन डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है. ऐसे में लोगों को दिन में हल्के कपड़े और सुबह-शाम हल्की गर्माहट वाले कपड़ों की जरूरत पड़ सकती है. झारखंड में अब ठंड की विदाई और गर्मी की दस्तक साफ महसूस की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: महाशिवरात्रि पर झारखंड के इस मंदिर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़, कई राज्यों से आते हैं लोग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >