Jharkhand Weather Report: झारखंड में मार्च के आखिरी दिनों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है. मौसम विभाग ने 30 और 31 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है. खासतौर पर 31 मार्च को उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर बाकी जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है. इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
29 से 31 मार्च तक क्या रहेगा मौसम का हाल
29 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की संभावना है. 30 मार्च को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. 31 मार्च को मौसम फिर सक्रिय होगा और रांची, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, बोकारो समेत कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है.
जमशेदपुर में आंधी-बारिश का असर
जमशेदपुर में पिछले 24 घंटों से मौसम का असर साफ देखने को मिला है. शुक्रवार रात शुरू हुई बारिश का दौर शनिवार शाम तक जारी रहा. रामनवमी झंडा विसर्जन के दौरान भी तेज आंधी और झमाझम बारिश हुई, जिसमें हवा की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई. इस बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई. शनिवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम 20.0 डिग्री रहा. वहीं, 24 घंटों में करीब 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
किन जिलों में ज्यादा प्रभाव
31 मार्च को जिन जिलों में ज्यादा असर रहने की संभावना है, उनमें रांची, खूंटी, हजारीबाग, लोहरदगा, रामगढ़, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, बोकारो, कोडरमा, गुमला, सिमडेगा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां शामिल हैं. इन इलाकों में तेज हवा, वज्रपात और कहीं-कहीं बारिश की चेतावनी दी गई है.
तापमान और बारिश का आंकड़ा
राज्य में शनिवार को सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 36.8 डिग्री दर्ज किया गया. रांची का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और जमशेदपुर का 34.3 डिग्री रहा.
बारिश की बात करें तो पिछले 24 घंटों में राजमहल में सबसे ज्यादा 64 मिमी वर्षा हुई. इसके अलावा खूंटी में 1 मिमी और बोकारो में हल्की बारिश दर्ज की गई.
साहिबगंज में भारी बारिश, किसानों को नुकसान
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण साहिबगंज जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. पिछले दो दिनों में यहां कुल 30.74 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई.
राजमहल में 64 मिमी और उधवा में 75 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई, जो काफी ज्यादा है. इस असमय बारिश का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है. मक्के की फसल को भारी नुकसान हुआ है, क्योंकि तेज हवा से फसल गिर गई और बारिश ने स्थिति और खराब कर दी.
किसानों की बढ़ी चिंता, प्रशासन का आश्वासन
जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद कुमार एक्का ने बताया कि असमय बारिश और आंधी से फसलों को नुकसान हुआ है. खासकर कटाई के समय यह नुकसान ज्यादा गंभीर होता है. प्रशासन ने नुकसान का आकलन कर किसानों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है.
मौसम विभाग ने सतर्क रहने की दी है सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने कहा है कि आंधी-तूफान के दौरान खुले में न रहें. पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. किसान खेतों में काम करते समय सतर्क रहें. दोपहिया वाहन चालक तेज हवा में सावधानी से चलें.
इसे भी पढ़ें: तेज आंधी-तूफान से पतरातू में तबाही, कहीं सड़क पर गिरा बिजली तार तो कहीं तोरण द्वार ध्वस्त
1 और 2 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 1 और 2 अप्रैल को भी राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. हालांकि इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 28 और 29 मार्च को भी हो सकती है झमाझम बारिश, येलो अलर्ट जारी
