झारखंड से कब होगी ठंड की विदाई? पढ़ें मौसम विभाग की भविष्यवाणी

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में 17 फरवरी के बाद मौसम बदलेगा. रांची समेत कई जिलों में तापमान 28 से 30 डिग्री तक पहुंचेगा. सुबह हल्की ठंड और कुहासा रहेगा, लेकिन दिन में गर्मी बढ़ेगी. नीचे मौसम विभाग का ताजा मौसम पूर्वानुमान पढ़ें.

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में अब ठंड धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रही है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, 17 फरवरी के बाद राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. फिलहाल, सुबह और शाम की ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन में हल्की गर्माहट महसूस होने लगी है. राजधानी रांची समेत अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि अभी आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा.

17 फरवरी के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 फरवरी से तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी. रांची का अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. अभी राजधानी का न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के आसपास है, जो अगले दो-तीन दिनों तक इसी स्तर पर बना रहेगा. दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होगी और ठंड का असर कम होने लगेगा. सुबह के समय हल्का कुहासा कई जिलों में देखने को मिल सकता है. हालांकि, बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.

उत्तर-पूर्वी झारखंड में कैसा रहेगा तापमान

उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. गोड्डा और पाकुड़ में दिन का तापमान 29 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि गिरिडीह में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिर सकता है. सुबह हल्की ठंड और दोपहर में सामान्य गर्माहट का मिश्रित असर देखने को मिलेगा.

उत्तर-पश्चिमी झारखंड में बढ़ेगी गर्मी

उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. चतरा और पलामू में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं गढ़वा और लातेहार में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री के आसपास रहेगा. इन जिलों में सुबह की ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन में गर्मी का असर साफ दिखेगा. खासकर पलामू प्रमंडल में दिन का तापमान सबसे अधिक रहने की संभावना है.

मध्य झारखंड में सामान्य रहेगा मौसम

मध्य झारखंड के बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. रांची का अधिकतम तापमान 26 से बढ़कर 28 डिग्री तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री के बीच रहेगा. खूंटी और गुमला में सुबह का तापमान 8 डिग्री तक गिर सकता है. हालांकि दोपहर में धूप खिलने से ठंड का असर कम हो जाएगा. मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क ही रहेगा.

पूर्वी सिंहभूम में ज्यादा गर्मी

पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री तक रहने की संभावना है. पश्चिमी सिंहभूम में पारा 32 डिग्री तक जा सकता है, जो राज्य में सबसे अधिक रहेगा. इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री के बीच रहेगा. जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्की ठंड के बाद दोपहर में अच्छी खासी गर्मी महसूस होगी.

सुबह कुहासा, दिन में साफ आसमान

मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है. आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा. हालांकि सुबह के समय हल्का कुहासा कई जिलों में रह सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि 17 फरवरी के बाद ठंड की विदाई लगभग तय है. तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ फरवरी के अंतिम सप्ताह तक गर्मी का असर और स्पष्ट हो जाएगा.

इसे भी पढ़ें: ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर हाजिरी नहीं लगाना पड़ा भारी, 256 स्कूलों के शिक्षकों का वेतन बंद

झारखंड में ठंड अपने अंतिम चरण में

मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों से साफ है कि झारखंड में अब ठंड अपने अंतिम चरण में है. न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे ऊपर जा रहा है और अधिकतम तापमान 30 डिग्री के करीब पहुंचने लगा है. ऐसे में कहा जा सकता है कि 17 फरवरी के बाद राज्य में ठंड लगभग खत्म हो जाएगी और मौसम पूरी तरह से बदल जाएगा. सुबह की हल्की ठंड के साथ दिन में गर्मी का एहसास आने वाले दिनों में और बढ़ेगा.

इसे भी पढ़ें: लातेहार में 7000 घूस लेते धरा गए अमीन साहेब, पलामू एसीबी टीम ने किया गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >